Breaking News

बांग्लादेश में बाढ़ से 13 लोगों की मौत, हजारों लोग फंसे

बांग्लादेश में बाढ़ से 13 लोगों की मौत, हजारों लोग फंसे

ढाका। लगातार हो रही बारिश की वजह से आई बाढ़ के कारण बांग्लादेश में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और लगभग दर्जन भर जिलों में हजारों लोग फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। अब बारिश बंद हो चुकी है लेकिन ऊपरी इलाकों से लगातार जल का प्रवाह होने की वजह से उत्तरी बांग्लादेश के कम से कम 10 जिलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अब बाढ़ देश के मध्य क्षेत्र की ओर फैल रही है।
 
बाढ़ पूर्वानुमान और चेतावनी केंद्र ने अनुमान लगाया है कि अगर अगस्त के अंत तक और अधिक बारिश होती है तो कम से कम 25 जिले बाढ़ से प्रभावित होंगे। बीडीन्यूज24.कॉम ने आपदा प्रबंधन विभाग के महानिदेशक रियाज अहमद को यह कहते हुए उद्धृत किया है, “हम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं।” बाढ़ के पानी में डूबने से दिनाजपुर में कम से कम सात लोगों और कुरीग्राम में छह अन्य लोगों की मौत हो गई।
 
खबर में बताया गया है कि कुरीग्राम में करीब 60,000 परिवार और नीलफमरी में करीब 400 परिवार बाढ़ में फंसे हुए हैं। मध्य जुलाई में करीब एक दर्जन बाढ़ प्रभावित जिलों में करीब 600,000 लोग फंसे हुए थे। अहमद ने बताया कि हालांकि बाढ़ का पानी उस समय तेजी से कम हो गया था। कुछ समय के बाद लगातार बारिश होने और ऊंचाई से दोबारा पानी आने की वजह से अगस्त में 10 जिले दोबारा जलमग्न हो गए। महानिदेशक ने बताया, “सभी प्रभावित जिलों को राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।” बांग्लादेश में सबसे ज्यादा भयावह बाढ़ साल 1998 में आयी थी, जब यहां का करीब 68 फीसदी क्षेत्र जलमग्न हो गया था। बाढ़ से निपटने के लिए सरकार ने आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों से संबंधित सभी अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

No comments