Breaking News

अवैध खनन व परिवहन रोकेंगे रिटायर्ड फौजी. खनन विभाग कार्यालय में ट्रेनिंग के बाद सक्रिय. 27 लोगों की टीम तीन रूटों पर करेगी निगरानी


प्रयागराज। गिट्टी, बालू  और सिलिका सैंड का अवैध खनन व परिवहन रोकने के लिए अब रिटायर्ड फौजियों की टीम तैनात की गई है। 27 रिटायर्ड फौजियों को ट्रकें पकडऩे की ट्रेनिंग खनन विभाग के कार्यालय में दी गई। यह टीम शुक्रवार, 19 फरवरी से सक्रिय होगी और अवैध परिहवन करने वाले तीन रूटों पर 24 घंटे निगरानी करेगी। इनके साथ में एक अधिकारी खनन विभाग के भी रहेंगे। प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि इस बदलाव से खनिज के अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगेगी।

खनिज पदार्थों के अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने में जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन और खनन की टीम नाकाम साबित हो रही है। इसलिए शासन के निर्देश पर रिटायर्ड फौजियों को अवैध खनन व परिवहन रोकने के लिए लगाया गया है। यह फौजी मांडा रोड, मेजा भटौती रोड और घूरपुर रोड पर हर समय सक्रिय रहेेंगे। इसके लिए 27 रिटायर्ड फौजी भर्ती किए गए हैं। इनकी तीन टीम बनाई गई है। एक टीम में नौ लोग रहेंगे और आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में काम करेंगे। इनको एक-एक वाहन दिया गया है। साथ में खनन इंस्पेक्टर और पुलिस की भी टीम आसपास रहेगी। शुक्रवार से यह फौजी अपना काम शुरू करेंगे।

गुरुवार को खनन कार्यालय में डीएम भानुचंद्र गोस्वामी के निर्देश पर एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित, एडीएम प्रशासन वीएस दुबे, भूतत्व एवं खनिकर्म के क्षेत्रीय अधिकारी एके सिंह और खान अधिकारी एमके पांडेय ने रिटायर्ड फौजियों को ट्रेनिंग दी। बताया कि खनिज पदार्थ लादकर गुजर रहे वाहन को चेक करना है। इसमें जिन वाहनों के पास रवन्ना नहीं होगा और जो ओवरलोड होंगे, उन्हें पकड़कर थाने ले जाएंगे। ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

No comments