होमगार्ड विभाग से आठ रायफलें गायब,मचा हड़कंप, लखनऊ के आंकड़ों में गड़बड़ी,
कमेटी गठित, जांच शुरु, हर जिले राइफल्स का आंकड़ा जांच के दायरे में पहुचा
प्रातःकाल एक्सप्रेस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग से आठ रायफलें गायब होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आने से हड़कंप मच गया है।इसका सत्यापन सभी मंडलों शुरू हो गया है।बैरहाल अधिकतर मंडलों में सत्यापन भी हो चुका है।
वाराणसी कैंट भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने विभागीय मंत्री से लखनऊ से दो साल पहले रायफल व कारतूस के गायब होने की शिकायत की थी और जांच कराने की मांग की थी।भाजपा विधायक की जांच की मांग के बाद होमगार्ड मुख्यालय स्तर पर जांच समिति गठित की गयी।गठित जांच समिति ने रायफलों का सत्यापन कराना शुरू किया।जांच में आठ रायफल गायब होने का मामला सामने आया।होमगार्ड मुख्यालय पर डिप्टी कमांडेंट जनरल रंजीत सिंह ने जानकारी दी कि अब पता लगाया जा रहा है कि ये रायफल किसके पास हैं।
रंजीत सिंह ने बताया कि विभाग के पास कुल 14532 रायफलें थीं। जिसमे से 528 रायफल उत्तराखंड होमगार्ड विभाग को और 5 रायफल प्रादेशिक विकास दल बरेली को दे दी गई ,बाकी बची 13,999 रायफल प्रदेश के जिलों में होमगार्डों को दी गई थी।रायफल और कारतूस गायब होने की शिकायत मिलने के बाद इसका सत्यापन कराया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को अयोध्या के होमगार्ड विभाग के अधिकारियों को सत्यापन रिपोर्ट के साथ बुलाया गया है। सभी मंडलों में सत्यापन होने के बाद जिन जिलों में रायफल गायब है, वहां के पुलिस अधिकारियों से अनुरोध किया जाएगा कि वह अपने थानों पर इन रायफलों का सत्यापन कराएं। इसमें भी रायफलें नहीं मिली तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
आपको बता दें कि पुलिस विभाग में 303 रायफ ल आउटडेटेड घोषित हो चुकी है। लेकिन चुनाव ड्यूटी में होमगार्ड विभाग व पीआरडी जवानों को ये रायफल अब भी दी जाती है।
होमगार्ड विभाग के लखनऊ जिले के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें 116 रायफल मिली थीं।इनमें से दो रायफलें गुम हैं। जबकि होमगार्ड मुख्यालय के रिकॉर्ड में लखनऊ को 419 रायफल देने की बात है। डिप्टी कमांडेंट जनरल रंजीत सिंह का कहना है कि लखनऊ के आंकड़ों में कुछ गड़बड़ी है। लखनऊ के मंडलीय कमांडेंट होमगार्ड घनश्याम चतुर्वेदी व कमांडेंट होमगार्ड अतुल सिंह और उन्नाव के कमांडेंट होमगार्ड मनोज शुक्ला की समिति इसकी जांच कर रही है।जल्द रिपोर्ट सौंपेगी।


No comments