Breaking News

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने रोक के बावजूद स्कूल में फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम देश को विकास के एक नए पथ पर ले जा रहे हैं और तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार (15 अगस्त) को एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल में रोक के बावजूद तिरंगा फहराया। प्रशासन का निर्देश था कि राजनीतिक हस्तियों को इसकी इजाजत नहीं है। जिला कलेक्टर और पुलिस ने कर्नाकेयमन स्कूल प्रबंधन से कहा था कि स्कूल राज्य से सहायता प्राप्त है इसलिए केवल जनता का प्रतिनिधि या स्कूल का प्रमुख ही ध्वजारोहण कर सकते है, कोई राजनीतिक हस्ती नहीं। यह स्कूल आरएसएस समर्थकों का है और उन्होंने भागवत को भारत के स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था। मंगलवार को भारत का 71वां स्वतंत्रता दिवस है। रोचक बात ये है कि आरएसएस के नागपुर स्थित मुख्यालय पर पहली बार तिरंगा आजादी के करीब पांच दशक बाद 2002 में फहराया गया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ( FILE PHOTO)
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण के बाद राष्ट्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम देश को विकास के एक नए पथ पर ले जा रहे हैं और तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।” स्वंतत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “सरकार बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित पूर्वी राज्यों और पूर्वोत्तर पर महत्वपूर्ण ध्यान दे रही है क्योंकि इन हिस्सों को और विकास करना है।” पीएम मोदी का लाल किले से ये चौथा स्वतंत्रता दिवस संबोधन था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ये उनका आजादी की वर्षगांठ पर दिया सबसे छोटा भाषण था।
प्रधानमंत्री के अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इत्यादि ने आजादी की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तिरंगा फहराया। योग गुरु बाबा रामदेव ने इस मौके पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया।

No comments