चुनाव 2019 : लोकतंत्र के महापर्व को उत्सव के रूप में तब्दील करने को छात्रों ने ली शपथ
अल कौसर सोसायटी द्वारा लोकतंत्र के महापर्व को उत्सव के रूप में तब्दील करने के लिए बुधवार को सी.एम.पी.डिग्री कालेज में युवाओं को शपथ दिलाई गई।मतदान - महादान,मतदान हमारा सबसे बड़ा अधिकार इसको मत जाने दो बेकार जैसे नारे लगाये गये।इस मतदाता जागरूकता अभियान में सी.एम.पी.डिग्री कालेज का सहयोग सराहनीय रहा।
सी.एम.पी.डिग्री कालेज में सुबह 9:30 बजे अल कौसर सोसायटी के बैनर तले पहली बार मताधिकार के लिए तैयार युवाओं को जागरूक किया गया।इसमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पांच सौ से अधिक छात्र-छात्राओं को मताधिकार के महत्व को समझाया गया।अल कौसर सोसायटी की अध्यक्ष नाजिया नफीस ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए ही नही बल्कि एक साफ- सुथरी व मजबूत सरकार चुनने में आपकी भूमिका सबसे अहम होगी।इसलिए जरूरी है कि मतदान के दिन घरों से निकल कर बूथों तक अवश्य जाएं।मतदान करें।अपने नाते रिश्तेदार,पड़ोसियों व मित्रों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि प्रयागराज में रिकॉर्ड तोड़ मतदान कराया जा सके।कॉलेज के प्राचार्य डॉ.ब्रजेश कुमार ने लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका को सर्वोपरि बताया और छात्र-छात्राओं से कहा कि वह मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।जितना अधिक मत प्रतिशत बढ़ेगा, उतना ही बेहतर जनप्रतिनिधि के चुनाव में मदद मिलेगी।कालेज प्रॉक्टर डॉ.संतोष श्रीवास्तव ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता मुहिम को अन्य स्कूल-कालेजों में भी चलाने पर बल दिया।इनके साथ ही डॉ अर्चना पांडेय, डॉ.बबिता अग्रवाल, डॉ.प्रमोद शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किये और छात्र-छात्राओं से इस राष्ट्रीय महपर्व में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।इस अवसर पर संस्था की सदस्य काजल कुशवाहा, भावना गुप्ता, शालिनी श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश,नीरज मिश्रा, दीप्ति मिश्रा इत्यादि उपस्थित रहे।


No comments