UP# राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुंवर मानवेंद्र को दिलाई कार्यकारी सभापति की शपथ
राज्यब्यूरो लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को राजभवन में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य भारतीय जनता पार्टी के कुंवर मानवेंद्र सिंह को विधान परिषद के कार्यकारी सभापति की शपथ दिलाई। विधान परिषद के सभापति समाजवादी पार्टी के रमेश यादव का 30 जनवरी को कार्यकाल समाप्त होने के बाद से यह पद खाली हो गया था।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य कुंवर मानवेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के कार्यकारी सभापति होंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुंवर मानवेंद्र सिंह को रविवार को राजभवन में विधान परिषद के लिए कार्यकारी सभापति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता सहित राजभवन में तैनात अन्य अधिकारी मौजूद थे। परिषद के मौजूदा सभापति रमेश यादव का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया। उनके स्थान पर सभापति की नियुक्ति न होने पर समाजवादी पार्टी ने राजभवन का दरवाजा खटखटाया था।
समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद के सभापति पद के लिए चुनाव की मांग की थी। समाजवादी पार्टी के रमेश यादव का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पार्टी अपना ही सभापति चाहती है। इसकी मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राजभवन गया था, लेकिन उसकी राज्यपाल से भेंट नहीं हो सकी। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद में समाजवादी पार्टी का बहुमत है। सौ सदस्यों में समाजवादी पार्टी के 51 सदस्य हैं जबकि भाजपा के 32 सदस्य हैं।


No comments