'बाहर से दवा नहीं तो आपरेशन नहीं', महिला मरीज के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, एसआरएन: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
प्रयागराज। एसआरएन अस्पताल में बाहर से दवा न लाने पर डॉक्टर ने ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया। यह आरोप लगाते हुए महिला मरीज के परिजनों ने हंगामा करते हुए धरना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर अधीक्षक का घेराव किया। बाद में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने ऑपरेशन जल्द कराने का भरोसा दिया। इसे लेकर अस्पताल में परिसर में अफरातफरी मची रही। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील अंतर्गत ढिगवंस की 55 साल की महिला एक सप्ताह से एसआरएन में भर्ती है। बच्चेदानी संबंधी समस्या के कारण स्त्री एवं प्रसूति रोग की डॉक्टर ने ऑपरेशन करने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने अस्पताल के बाहर की दुकान से दवा और ऑपरेशन का सामान लाने को कहा। परिजनों ने इनकार किया तो डॉक्टर ने ऑपरेशन करने से ही इनकार कर दिया। इस पर हंगामा होने लगा।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जितेंद्र तिवारी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षक अजय सक्सेना का घेराव किया। प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने परिजनों व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और गुरुवार को ऑपरेशन कराने की बात कही। परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत भी की। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि बाहर से दवा मंगाने का आरोप पूरी तरह से गलत है। एक मरीज के ऑपरेशन में अधिक समय लगने के कारण महिला का ऑपरेशन नहीं हो सका। गुरुवार को विभागाध्यक्ष महिला का ऑपरेशन करेंगी।


No comments