दूसरी बार टीकाकरण से तीन ने किया इनकार, कोरोना: जिले में शुरू हो गई टीके की दूसरी डोज, 425 स्वास्थ्य कर्मियों में से 404 ने लगवाया टीका
प्रयागराज। कोरोना के खिलाफ टीके की दूसरी डोज देने का सिलसिला शुरू हुआ। 16 जनवरी को टीका लगवाने वाले 425 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरा टीका लगना था। इनमें से 404 ने ही टीका लगवाया। तीन कर्मचारियों ने दूसरी बार टीकाकरण कराने से साफ मना कर दिया। एक कोरोना संक्रमित होने व एक अन्य बीमार होने के कारण टीका नहीं लगवा सका। 14 लोग शहर से बाहर गए थे, दो लोगों से संपर्क नहीं हो सका। वहीं, अबतक टीका नहीं लगवाने वाले 6133 में से 2935 स्वास्थ्य कर्मियों ने भी टीकाकरण में सहभागिता निभाई। विभाग ने 42 सेंटरों में 66 सेशन के जरिए टीकाकरण किया।
सोमवार को टीकाकरण 51 फीसदी रहा। शहर में 28 व ग्रामीण इलाके में 38 सेशन किए गए। कोरोना का दूसरा टीका लगवाने से तीन लोगों ने इनकार कर दिया है। विभाग इसे लेकर सकते में है। पहला टीका लगवाने के बाद दूसरे टीके से इनकार करने का ठोस कारण भी सामने नहीं आ रहा है। कोरोना वैक्सीनेशन के प्रभारी डॉ. ऋषि सहाय ने कहा कि यह समझ से परे है। बिना किसी ठोस वजह दूसरे टीके से इनकार करना उचित नहीं है। मंगलवार को उनकी काउंसिलिंग की जाएगी। इसके लिए टीम तीनों से संपर्क कर पता लगाएगी कि आखिर किस वजह से इनकार किया गया है। उन्हें प्रेरित भी किया जाएगा। आज दूसरा टीका नहीं लगवा पाने वालों को 22 नंवबर को फिर मौका दिया जाएगा।


No comments