भारत ने द ओवल में इंग्लैंड को 157 रनों से हराया
टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ। इसी बीच केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पैरालंपिक खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने पर उनकी मेजबानी करेंगे। वहीं दूसरी ओर लंदन के द ओवल में खेले गए चौथे टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 157 रनों से हरा दिया है और जीत के साथ ही पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-1 की बढ़त हासिल कर चुका है।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पैरालंपिक खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने पर उनकी मेजबानी करेंगे। खिलाड़ियों को समय देने के लिये प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए ठाकुर ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री) ने ओलंपियन की भारत लौटने पर मेजबानी की थी, वह पैरालंपियन के लौटने पर भी ऐसा करेंगे।’’ ठाकुर ने इसके साथ ही सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों से 2024 और 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिये बड़ी योजनाएं बनाने के लिये कहा ताकि भारत आगे भी अपनी स्थिति में सुधार कर सके। ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘सभी खेल महासंघों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी और हमें बड़ी योजनाएं तैयार करने के लिये मिलकर काम करना होगा ताकि 2024 और 2028 ओलंपिक खेलों में भारत की स्थिति में आगे और सुधार हो। ’’
गिनी में सैनिक तख्तापलट के कारण वहां होने वाला विश्व कप फुटबॉल क्वालीफायर मैच स्थगित कर दिया गया है जबकि मोरक्को की टीम सुरक्षित तरीके से इस पश्चिम अफ्रीकी देश से निकलने में कामयाब रही है। गिनी और मोरक्को के बीच सोमवार को कोनाक्री में ग्रुप आई का मैच होना था। मैच से एक दिन पहले हालांकि राष्ट्रपति अल्फा कोंडे को सैनिकों ने बंदी बना लिया। राजधानी कोनाक्री में राष्ट्रपति भवन के पास सैनिकों द्वारा भारी गोलीबारी की खबर सामने आई है। यहां सेना के विद्रोही गुट ने सरकार को हटाकर तख्तापलट करते हुएसरकार भंग कर दीहै। साथ ही देश की सीमाओं को भी सील कर दिया गया है।
भारत को आठ सितंबर से होने वाले ऑनलाइन फिडे शतरंज ओलंपियाड के दूसरे सत्र में शीर्ष श्रेणी के पूल ‘बी’ में रखा गया है। भारत पिछले साल टूर्नामेंट का संयुक्त विजेता बना था। पूल बी में भारत के आलावा फ्रांस, बेलारूस और अजरबैजान सहित अन्य टीमों शामिल है। इसमें शेनझेन चीन, मोल्दोवा, स्लोवेनिया, मिस्र, स्वीडन और हंगरी अन्य टीमें हैं।
टोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान सिल्वर पदक जीतने वाले नोएडा के ज़िलाधिकारी और बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास एल. यथिराज ने देशवासियों को दिल से धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि ये मेडल देश के हर व्यक्ति का है।
भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को चौथे टेस्ट मैच में 157 रनों से हरा दिया है। लंदन के द ओवल में खेले गए इस मुकाबले में रोहित शर्मा की शानदार शतक के बाद भारत ने इंग्लैंड के सामने 368 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। इंग्लिश टीम महज 210 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ ही पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-1 की बढ़त हासिल कर चुका है।

No comments