तो क्या अगले महीने राज्यसभा सांसद भी नहीं रह पाएंगे शरद यादव?
सूत्रों के मुताबिक शरद यादव को अयोग्य घोषित करवाने के लिए दिल्ली से लेकर पटना तक जेडीयू और बीजेपी की एक टीम कानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है।
राज्यसभा में बोलते जदयू के शरद यादव। (PTI Photo / TV GRAB)
जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता शरद यादव क्या अगले महीने संसद के उच्च सदन राज्यसभा के भी सदस्य नहीं रह जाएंगे? ये सवाल आजकल बिहार से लेकर दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना है। रेडिफ डॉट कॉम की खबर के मुताबिक शरद यादव राज्यसभा से अयोग्य करार दिये जा सकते हैं। इस बावत राज्यसभा के चेयरमैन एम वैंकेया नायडू फैसला ले सकते हैं, बशर्ते इसे जुड़ी शिकायत वैंकेया नायडू को की जाए। सूत्रों के मुताबिक शरद यादव को अयोग्य घोषित करवाने के लिए दिल्ली से लेकर पटना तक जेडीयू और बीजेपी की एक टीम कानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है। लेकिन किन कानूनी प्रावधानों के तहत शरद यादव अयोग्य घोषित किये जा सकते हैं, इसका कानूनी आधार क्या होगा ये अभी तक तय नहीं है। इसके अलावा अगर जेडीयू शरद यादव के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई करती है तो जनता को इस बारे में जेडीयू क्या सफाई देगी, जेडीयू को इस पर भी विचार करना होगा। इस बावत अंतिम फैसला बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लिया जाएगा। खबर ये भी है कि सीएम नीतीश कुमार इसी महीने के अंत तक इस मसले पर कार्रवाई चाहते हैं।

No comments