बिहार: बाढ़ प्रभावित अररिया में प्रशासन ने किया शर्मसार, पुल से लाश फेंकने का फोटो वायरल
अररिया में अबतक बाढ़ से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक पिछले शनिवार को आई बाढ़ में बहकर 15 लाशें आई थीं जिनमें से 13 की पहचान हो गई थी जबकि दो लाशों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
बिहार के 15 जिले इन दिनों भयानक बाढ़ से जूझ रहा है। वहां की करीब एक करोड़ आबादी इस आपदा से प्रभावित हुई है। उन्हें जहां-तहां शरण लेना पड़ा है। बाढ़ ने अब तक 120 लोगों की जिंदगी लील ली है। बाढ़ प्रभावित जिले अररिया से गुरुवार (17 अगस्त) को दिल दहला देनेवाला एक वीडियो सामने आया। वीडियो में एक नदी पर बने पुल के ढह जाने से एक महिला अपने दो बच्चों समेत बाढ़ में बह गई। तबाही वाले इस वीडियो के बाद अररिया से ही एक ऐसा फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। फोटो के मुताबिक अररिया के मीरगंज पुल से लाशों को नदी में फेंका जा रहा है। फोटो वायरल होने के बाद अररिया के जिलाधिकारी हिमांशु शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं।
वायरल फोटो के मुताबिक अररिया के मीरगंज पुल से लाशों को नदी में फेंका जा रहा है। फोटो वायरल होने के बाद अररिया के जिलाधिकारी हिमांशु शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं। (फोटो- सोशल मीडिया)
आज तक के मुताबिक मीरगंज पुलिस ने मंगलवार को इन छह लाशों के पुल से फेंका था। इससे पहले यह खबर आई ती कि जिन लाशों की पहचान नहीं हो पाई है, उसे प्रशासन मिट्टी में दबा रहा है। इस वीडियो और फोटो के वायरल होने से राज्यभर में हाहाकार मचा है। अररिया में अबतक बाढ़ से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक पिछले शनिवार को आई बाढ़ में बहकर 15 लाशें आई थीं जिनमें से 13 की पहचान हो गई थी जबकि दो लाशों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस के मुताबिक पांच लाशें नेपाल से बहकर आई थीं, जिसके बारे में नेपाल पुलिस ने भी संपर्क किया था।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक अभी तक करीब चार लाख लोगों को दूसरी जगहों पर शरण दिया गया है ,जबकि करीब 2.15 लाख लोगों को करीब 500 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। केंद्र की तरफ से भी एनडीआरएफ की कई टीमें राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजी गई हैं।

No comments