Breaking News

चीन: अमीर बनने के चक्कर में लगभग 1 किलोमीटर सड़क ही चुरा ले गया चोर

चीन : गिरफ्तारी के बाद चोर ने कहा कि उसे अपने काम में कुछ भी गलत नहीं दिखा। उसने कहा कि जिस सड़क को उसने चुराया उसे कोई भी इस्तेमाल नहीं कर रहा था। ऐसे में वो क्यों न उसे खोदे। वो कंक्रीट बेचकर अमीर बनना चाहता था।
चोरी हुई सड़क का मुआयना करती पुलिस।
चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल पूर्वी चीन के जिंआग्सू प्रांत में सानकेशू गांव में जब लोग सुबह सो कर उठे तो वे हैरान रह गए। उनके सामने की एक तरफ की करीब 800 मीटर की पूरी सड़क गायब हो चुकी थी। उसकी जगह सिर्फ धूल और पत्थर ही रह गए थे। पहले तो ग्रामीणों ने समझा की सड़क का कोई निर्माण कार्य चल रहा है, जिस वजह से सड़क को उखाड़ दिया गया है। लेकिन जब पुलिस को इसके बारे में सूचना दी गई तो मामले की सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने बताया कि कंक्रीट से बनी सड़क को एक चोर ने बीती रात चुरा लिया था। पुलिस ने पाया कि झू नाम के व्यक्ति ने खुदाई करने वाले मशीन की मदद से सड़क को खोदा और उसकी कंक्रीट को एक फैक्ट्री को बेच दिया। जिससे उसकी करीब 51 हजार रुपये की कमाई हुई। वहीं पुलिस के गिरफ्तार करने के बाद झू ने कहा कि उसे अपने काम में कुछ भी गलत नहीं दिखा। उसने कहा कि जिस सड़क को उसने चुराया उसे कोई भी इस्तेमाल नहीं कर रहा था। ऐसे में वो क्यों न उसे खोदे। वो कंक्रीट बेचकर अमीर बनना चाहता था।
सड़क चोरी का पूरा मामला मीडिया में आने के बाद चीनी सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दी। कुछ ने कमेंट किया कि गरीबी ने एक शख्स को इनोवेटिव बना दिया। वहीं कुछ ने कहा कि इस शख्स के लिए सबसे बढ़िया सजा होगी की उसे ही पूरी सड़क फिर से बनाने के लिए कहा जाए।

No comments