यूपी के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर उपचुनाव11 मार्च को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे से खाली हुई लोकसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश में गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर 11 मार्च को उपचुनाव होगा। इसके नतीजे 14 मार्च को आएंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे से खाली हुई गोरखपुर व फूलपुर लोक सभा सीटों के लिए आज उप चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। गोरखपुर और इलाहाबाद जिले की फूलपुर लोकसभा सीट पर 11 मार्च को मतदान होगा। दोनों जगह के चुनाव के मतों की गिनती 14 मार्च को होगी।
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री और केशव प्रसाद मौर्य के डिप्टी सीएम बनने के बाद उनके इस्तीफे देने से यह दोनों सीटे लंबे समय से खाली है। इन दोनों लोकसभा सीट पर उप चुनाव 22 मार्च तक चुनाव कराए जाने थे। चुनाव आयोग ने आज उपचुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर दी है।
प्रदेश में अब राजनैतिक दलों के साथ ही सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन ने दो लोकसभा क्षेत्रों गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनावों के लिए दायित्व सौंप दिया है।
गोरखपुर लोकसभा के लिए प्रदेश मंत्री कौशलेन्द्र सिंह, अनूप गुप्ता और विधायक राम चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रदेश मंत्री गोविन्द शुक्ल और अमर पाल मौर्य व विधायक भूपेश चौबे को दायित्व सौंपा गया है। लोकसभा उपचुनाव की दृष्टि से पदाधिकारी सम्बन्धित लोकसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे।
इन दोनों सीट पर जीत भाजपा के लिए नाक का सवाल है। राजस्थान में भाजपा को मिला झटका देख भाजपा उत्तर प्रदेश में किसी भी तरीके से यह दोनों सीटें अपने कब्जे में रखने के प्रयास में है।


No comments