Breaking News

वाह सहारा : कई बड़ी कंपनियां मिल कर भी नहीं खरीद पा रहीं पूरी सहारा एंबी वैली, टुकड़ों में बिकेगी

सुप्रीम कोर्ट ने एंबी वैली टाउनशिप को टुकड़ों में बेचने की इजाजत दे दी है। महिंद्रा ग्रुप और पीरामल ग्रुप ने आठ हजार एकड़ से भी ज्यादा में फैले इस लग्जरी टाउनशिप को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है।
एंबी वैली टाउनशिप का खूबसूरत नजारा। इसे टुकड़ों में बेचने की अनुमति दे दी गई है। (Photo Source: Aambyvalley.com)
सुप्रीम कोर्ट ने सहारा की एंबी वैली टाउनशिप को टुकड़ों में नीलाम करने की अनुमित दे दी है। शीर्ष अदालत की ओर से नियुक्त लिक्विडेटर ने बताया कि सहारा की इस संपत्ति को किसी एक कंपनी द्वारा खरीद पाना मुश्किल है। इसके बाद कोर्ट ने यह आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने एंबी वैली की नीलामी के लिए बांबे हाई कोर्ट को आधिकारिक लिक्विडेटर नियुक्त किया है। लिक्विडेटर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता डेरियस खंबाता ने बुधवार (7 फरवरी) को मामले की सुनवाई कर रही पीठ को बताया कि महिंद्रा ग्रुप और पीरामल ग्रुप ने एंबी वैली को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। खंबाता ने बताया कि 142 अखबारों में विज्ञापन देने के अलावा अन्य तरीकों से भी एंबी वैली की नीलामी को प्रचारित किया गया था, लेकिन कोई भी एक कंपनी या व्यक्ति इसे खरीदने के लिए सामने नहीं आया। लिक्विडेटर ने बताया कि एंबी वैली में मौजूद इंटरनेशनल स्कूल, गोल्फ कोर्स, एयरपोर्ट, कन्वेंशन सेंटर और होटल को एक साथ के बजाय अलग से नीलाम किया जा सकता है। इसके बाद ज्यादा खरीदार सामने आ सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब एंबी वैली को कई हिस्सों में बांटा जाएगा। इसके बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस मामले पर अगली सुनवाई अब 19 अप्रैल को होगी।


No comments