अफगानिस्तानः काबुल में आत्मघाती धमाके, 21 की मौत; 30 जख्मी
पहला धमाका मोटरसाइकिल सवार हमलावर ने किया था, जबकि दूसरा पैदल आया था। पहले धमाके के बाद लोग पीड़ितों की मदद कर रहे थे। अचानक दूसरा धमाका भी हो गया था। फिलहाल, किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।


अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार (30 अप्रैल) को आत्मघाती धमाके हुए। जोरदार दो धमाकों में अब तक 21 लोगों की मौत की खबर है। हादसे में करीब 30 लोग जख्मी हुए हैं। आत्मघाती हमलों के बाद जगह-जगह अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पहला धमाका शाशदरक इलाके के पास हुआ, जो एनडीएस इंटेलिजेंस सर्विस की इमारत के आसपास है। पुलिस के अनुसार, पहला धमाका आत्मघाती हमलावर ने किया था। आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या में सबसे अधिक मीडियाकर्मी शामिल हैं।
एसोसिएट प्रेस के अनुसार, अफगानिस्तानी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि आत्मघाती धमाके में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 27 लोग जख्मी हुए हैं। हमलावर बम को मोटरसाइकिल पर लाए थे। वहीं, दूसरा बम धमाका पहले वाले के कुछ क्षणों बाद हुआ था। ये धमाके किसने कराए हैं, इस बात की अभी तक जानकारी नहीं मिली है।
ये धमाके सुबह तकरीबन सात बज कर 45 मिनट पर हुए थे। पुलिस और पत्रकार पहले धमाके के बाद घटनास्थल पर खड़े थे कि अचानक दूसरा धमाका भी हो गया। हादसे में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी के फोटो पत्रकार की मौत हो गई है। वहीं, आत्मघाती हमले में नानगरहर में बेहसूद जिले के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के मुखिया की जान जाने की जानकारी मिली है।

No comments