स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में जमीन पर लेट गए ऋषभ पंत, बोलर भी मुस्कुराया
दिल्ली को चेन्नई के हाथों सोमवार को खेले गए अहम मुकाबले में 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की यह टूर्नामेंट में छठी हार है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए उसे अब आने वाले सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी। दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 79 रन बनाए। इसके अलावा हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली। पंत ने अपनी पारी में 45 गेंदें खेलते हुए सात चौके और चार छक्के लगाए। ऋषभ पंत ने इस दौरान कई ऐसे शॉट्स भी लगाए जिसे देख गेंदबाज भी हैरान रह गए। दरअसल, 16वें ओवर में आईपीएल में डेब्यू करने वाले के.एम. आसिफ की गेंद पर पंत ने एक ऐसा ही शॉट खेला जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। पंत ने आसिफ की गेंद पर लेटकर एक शॉट खेला और गेंद बाउंड्री लाइन के बाहर चली गई। पंत का यह अजीब सा शॉट देखकर आसिफ भी मुस्कुराते हुए नजर आए। दिल्ली को विशाल लक्ष्य हासिल करने के लिए जिस तरह की शुरुआत की जरूरत थी वो टीम के सलामी बल्लेबाज देने में नाकाम रहे।
ग्लेन मैक्सवेल एक बार फिर फ्लॉप रहे और 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ऋषभ पंत और विजय शंकर ने पारी को संभाला। दोनों ने संभलकर खेलते हुए एक साझेदारी बनाई और टीम के स्कोर से धीरे-धीरे आगे बढ़ाया। अंतिम दो औवर में दिल्ली को जीत के लिए 49 रनों की जरूरत थी। ब्रावो के 19वें ओवर में तीन छक्के लगाकर विजय शंकर ने दिल्ली की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन अंतिम ओवर में वह 28 रन नहीं बना पाए और दिल्ली को 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा।


No comments