सिंगापुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चांगी नौसेना अड्डे का दौरा किया
सिंगापुर। सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चांगी नौसेना अड्डे का दौरा किया और वहां भारतीय नौसेना तथा रॉयल सिंगापुर नौसेना के अधिकारियों एवं नौसैनिकों से मुलाकात की। प्रधामनंत्री के साथ सिंगापुर के वरिष्ठ रक्षा मंत्री मोहम्मद मलिकी उस्मान भी मौजूद थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, ‘अबाधित नौसैन्य अभ्यासों और बढ़ते नौसैन्य सहयोग के 25 वर्ष। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंगापुर के वरिष्ठ रक्षा मंत्री मोहम्मद मलिकी उस्मान और अन्य पदाधिकारियों के साथ सिंगापुर नौसेना के आरएसएस फॉर्मिडेबल फ्रीगेट पर।’
मोदी ने आईएनएस सतपुड़ा पर सवार अधिकारियों और नौसैनिकों से भी बातचीत की। कुमार ने ट्वीट कर कहा, ‘नौसैनिकों से मिलकर गर्व हुआ। चांगी नौसैन्य अड्डे पर तैनात आईएनएस सतपुड़ा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। सिंगापुर की यादगार यात्रा का शानदार समापन।’ भारत और सिंगापुर ने नौसैन्य जहाजों, पनडुब्बियों और विमानों के लिए आपसी समन्वय, साजोसामान और सेवाओं के सहयोग से संबंधित अपनी नौसेनाओं के बीच समझौते के कार्यान्वयन पर हस्ताक्षर किए।

No comments