Breaking News

प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाली पायलट मारिया कुबेर के घर इलाहाबाद में शोक

लखनऊ । मुम्बई के घाटकोपर इलाके में चार्टर्ड प्लेन दुर्घटना में इलाहाबाद के मऊआइमा में चार दशक से डिस्पेंसरी चलाने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डा. इकबाल हुसैन ज़ुबैरी की बेटी मारिया (पायलट) की भी मौत होने की खबर से कस्बे में गम का माहौल है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को चार्टर्ड प्लेन हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हैं। कहा जा रहा था कि विमान यूपी सरकार का वीटी-यूपीजेड किंग एयर सी-90 विमान है लेकिन बाद में साफ हो गया कि इसमें हादसे की शिकार पायलट उत्तर प्रदेश की हैं।

गुड्डो का एक्सीडेंट हो गया

गुरुवार दोपहर 3 बजे जब डॉक्टर इकबाल मऊआइमा के आज़मपुर स्थित अपने आवास पर मरीजों को देख रहे थे तभी मुम्बई के सहारा वैली में रहने वाली पत्नी फरीदा बेगम का फोन आया कि गुड्डो (मारिया कुबेर) का एक्सीडेंट हो गया है। इस पर वे अपने कंपाउंडर को डिस्पेंसरी बन्द करने की हिदायत देकर इलाहाबाद शहर के रानी मंडी स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए। मामले की जानकारी जब कस्बा वासियों को हुई तो पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गयी। मारिया बचपन मे अपने पिता के साथ अक्सर मऊआइमा आती रही और कस्बे के बहुत से परिवारों से घुली मिली थी। मारिया अपनी मां फरीदा बेगम के साथ मुम्बई के सहारा वैली में रहती थी। ज़ुबैरी की तीन बेटी में मारिया सबसे बड़ी थी जबकि एक बेटा सोनू दुबई में बैंक मैनेजर है। पिता व गमजदा परिवार शुक्रवार को सुबह लखनऊ एयरपोर्ट से मुम्बई के लिए रवाना होंगे।

‬: विमान एक निजी कंपनी का

जानकारी के मुताबिक विमान घाटकोपर के रिहायशी इलाके में गिरा। विमान जागृति बिल्डिंग के नजदीक एक निर्माणाधीन इमारत के पास गिरा। इस बीच सिविल एविएशन डिपार्टमेंट ने विमान के उत्तर प्रदेश सरकार के होने का दावा गलत बताया है। हालांकि सिविल एविएशन डिपार्टमेंट ने साफ कर दिया है कि क्रैश हुआ विमान यूपी सरकार का नहीं है, यूपी के सभी विमान राज्य में मौजूद हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा कि विमान 2014 तक उत्तर प्रदेश सरकार के पास था लेकिन 2014 में ही बेचा गया था। मुंबई की एक कंपनी ने इसे खरीदा था। कहा जा रहा है कि अवशेषों पर मिले निशान की वजह से इसे यूपी सरकार का बताया गया।

No comments