नुक्कड़ नाटक और लोकगीत जनता को देते 'स्वच्छता ही सेवा' सन्देश
इलाहाबाद| उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, इलाहाबाद में भारत के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन को गतिशीलता प्रदान करने के उद्देश्य से हर वर्ष मनाये जाने वाले स्वच्छता पखवाड़ा इस वर्ष भी 16 से 30 सितंबर, 2018 तक सांस्कृतिक केंद्र द्वारा भी मनाया जा रहा है।
आज केंद्र परिसर में सघन स्वच्छता अभियान के साथ लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन मानस को जागरूक करने के साथ साथ 'स्वच्छता ही सेवा' जनांदोलन से जोड़ने का भी प्रयास रहा। प्रातःकाल 11:00 बजे पुलिस चौकी, झूँसी और अपराह्न 03:00 बजे से अमरावती नगर, छतनाग रोड, झूँसी में लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकगीत इलाहाबाद के सुप्रसिद्ध लोक गायक श्री इंद्रजीत यादव ने अपने दल के साथ बिरहा लोकगीत की प्रस्तुति के माध्यम से उन लोगों पर खास तौर से निशाना साधा जो जागरूक होते हुए भी समाज में स्वच्छता के लिए छोटे प्रयास भी नहीं करते हैं। वहीं शहर के युवा कलाकारों की टोली लिए श्री राहुल चावला ने अपने नुक्कड़ नाटक की मदद से दर्शकों को स्वच्छता और स्वच्छ वातावण के सकारात्मक निष्कर्षों के बारे में बताया और जो अब तक नहीं जागे उन्हें भी प्रेरित करने का प्रयास किया। इन सभी गतिविधियों को जनमानस का अप्रत्याशित सहभागिता मिली। उन्होंने केंद्र एवं केंद्र निदेशक के इन अभिनव और रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा भी की।
केंद्र निदेशक, श्री इंद्रजीत ग्रोवर, ने स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के पखवाड़े में स्वच्छता अभियान के तहत केंद्र द्वारा की जाने वाली गायिविधियों को भी व्यापकता दी गयी है। उन्होंने कहा की कल से 23-सितम्बर-2018 तक शहर के विभिन्न चयनित विद्यालयों में कठपुतली के मंचन के माध्यम से स्वच्छता और इसके व्यापक प्रभाव के बारे में संदेश दिया जाएगा। कठपुतली मंचन की शुरुआत कल प्रातः 07:30 बजे से केन्द्रीय विद्यालय, न्यू कैंट से होगी जिसके उपरान्त प्रातः 09:00 बजे से उड़ान स्पेशल स्कूल, न्यू कैंट और फिर दिन की अंतिम प्रस्तुति आर्मी स्कूल, न्यू कैंट में होगी। कठपुतली की प्रस्तुति श्री राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव एवं उनके दल द्वारा की जायेगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों एवं अध्यापकों को जागरूक करने के साथ 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसी कड़ी में बच्चों को इस अभियान से जोड़ते हुए शहर के विभिन्न चयनित विद्यालयों में 24-सितम्बर-2018 से पोस्टर पेंटिंग, बैनर मेकिंग और कव्वाली प्रीतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को दिनांक 30-सितम्बर-2018 को केंद्र के प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा। श्री ग्रोवर ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में न सिर्फ कौशल का विकास होगा बल्कि वे कुछ शिक्षाप्रद पाठ भी सीखेंगे और देश, शहर या फिर समाज हो ये बच्चे सबको स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। उन्होंने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि वे भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बने और केंद्र की इन गतिविधियों में वे सार्थक रूप से अपना सहयोग दें।
सभी गतिविधियां पूणतः निःशुल्क हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यदिवस पर केंद्र के कार्यक्रम अनुभाग में संपर्क कर सकते हैं।


No comments