Breaking News

विशेष आकर्षण: ऋषि भारद्वाज की विशाल प्रतिमा का कल राष्ट्रपति करेंगे लोकार्पण

भारद्वाज मुनी
 प्रातःकाल संवाददाता, प्रयागराज के बालसन चौराहे पर ऋषि भारद्वाज की 32 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जा रही है। गुरुवार को संगम नोज से भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इसका लोकार्पण करेंगे। कुंभ आने वाले श्रद्धालुओं को अब यहां भारद्वाज मुनि की विशाल प्रतिमा के भी दर्शन होंगे। बालसन चौराहे पर लम्बे समय से ऋषि भरद्वाज के नाम से पार्क बना हुआ है। मूर्ति की स्थापना पार्क के पास ही की जा रही है। मूर्ति स्थापित होने की वजह से लम्बे समय से खस्ताहाल पड़े पार्क का भी जीर्णोद्धार हो गया है।
भारद्वाज की इस विशाल मूर्ति को इन्दौर के प्रसिद्ध कलाकार महेंद्र कोडवानी ने बनाया है। कोडवानी ऐसी ही बड़ी मूर्तियों को बनाने में माहिर हैं । मूर्ति का आधार स्टील से बनाया गया है और ऊपरी परत कल्चर्ड मार्बल की है। 32 फीट की इस मूर्ति को 13 फीट की आधारशिला पर स्थापित किया जा रहा है। प्रतिमा स्थापित करने के बाद इस पर कांस्य रंग चढ़ाया गया है।

मूर्ति का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक विभाग कर रहा है और प्रयागराज विकास प्राधिकरण इसे स्थापित करवा रहा है ।
पीडीए के कार्यकारी इंजीनियर एसडी शर्मा ने बताया कि मूर्ति और पार्क की देखभाल व रखरखाव का भी काम प्रयागराज विकास प्राधिकरण करेगा। बालसन चौराहे पर अब कुल तीन मूर्तियां हो गयी हैं। ऋषि भारद्वाज की इस मूर्ति के पहले ही वहां देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा लगी हुई है। वहीं दूसरी तरफ पं मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा लगाई गयी है। लेकिन उन दोनों मूर्तियों की अपेक्षा ऋषि भारद्वाज की प्रतिमा बड़ी है ।

No comments