Breaking News

बैडमिंटन : 'भारत में अच्छे कोचों की दरकार,

पीवी सिंधु
पीवी सिंधु 
भारत की अनुभवी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने मंगलवार को कहा कि भारत को उच्च स्तर पर अच्छे कोचों की जरूरत है, जो खिलाड़ियों के खेल में जरूरी सुधार कर सकें। अच्छे कोचों (खासकर विदेशी) के होने से खिलाड़ियों के खेल में जरूरी सुधार होगा और इससे देश को नए चैंपियन मिलने में मदद मिलेगी।
पीएनबी मेटलाइफ जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप के सम्मान समारोह में शिरकत करने आईं सिंधु ने आगे कहा, 'हां, उच्च स्तर के प्रशिक्षकों की जरूरत है, जो खेल के बारे में काफी अच्छे से जानते हैं और जो चैंपियन बना सकते हैं। गोपी सर एक महान खिलाड़ी और कोच रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है। अब हमें विदेशों से अन्य प्रशिक्षकों की जरूरत है ताकि वो हमारे खेल में जरूरी बदलाव कर सकें। जिससे हमें मदद मिले।'

वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सिंधु ने कहा, 'निश्चित तौर पर थोड़ा दबाव तो रहता है लेकिन इस विश्व चैंपियनशिप ने मुझे काफी आत्मविश्वास दिया है। इसी आत्मविश्वास के साथ मैं आगे जाऊंगी। ओलंपिक में अभी समय है और इस दौरान मुझे काफी टूर्नमेंट भी खेलने हैं। मैं ज्यादा दूर की नहीं सोचूंगी सिर्फ जिस टूर्नeमेंट में खेलूंगी उसी पर ध्यान दूंगी और जब एक बार कोर्ट पर उतर जाती हूं तो कुछ दबाव नहीं रहता सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करती हूं यही करूंगी।'

बता दें कि सिंधु वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय हैं। उन्होंने पिछले महीने स्विट्जरलैंड के बासेल में खेली गई वर्ल्ड चैंपियनशिप में जापान की नाओमी ओकुहारा को मात दे यह खिताब जीता था। सिंधु ने साथ ही कहा है कि वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद उनके आत्मविश्वास में इजाफा हुआ और वह पहले से ज्यादा मजबूत हो गई हैं।

No comments