मुख्यमंत्री चौहान, कमलनाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने मोतीलाल वोरा के निधन पर जताया शोक

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह एवं भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक जताया। वोरा का 93 साल की उम्र में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘वोरा अजातशत्रु राजनेता थे। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ ने अपने पूर्व मुख्यमंत्री को खोया है। मैं वरिष्ठ राजनेता को श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा हूं। वोरा का कल ही 93वां जन्मदिवस मनाया गया था। एक युग का अंत हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वोरा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने वाले राजनेता थे। वे गुण-दोष का विचार कर निर्णय लेते थे। उनका जाना प्रदेश के लिये अपूरणीय क्षति है।’’ कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने जीवन पर्यन्त विभिन्न पदों पर रहकर कांग्रेस की सेवा की, कांग्रेस की मज़बूती के लिये कार्य किया। एक दिन पूर्व ही उनका 93वां जन्मदिवस था। परिवार के प्रति शोक-संवेदनाएं।’’

No comments