बजट के बाद क्या-क्या हुआ महंगा और सस्ता? सोना खरीदने का है सुनहरा मौका

नयी दिल्ली। बजट में किये गये प्रस्तावों से घरों में उपयोग होने वाले रेफ्रिजरेटर, एलईडी लाइट और मोबाइल फोन जैसे सामान महंगे हो जाएंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को पेश बजट में आयातित कल-पुर्जों पर सीमा शुल्क बढ़ाये जाने का प्रस्ताव किया। हालांकि सोने और चांदी के आयात पर सीमा शुल्क युक्तिसंगत किये जाने से ये मूल्यवान धातुएं सस्ती होंगी। रेफ्रिजरेटर और एसी के लिये कॉम्प्रेसर पर सीमा शुल्क 12.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया, जबकि एलईडी लैंप, कल-पुर्जों पर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया गया है। इसी प्रकार, सौर इनवर्टर पर सीमा शुल्क 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत और सौर लैंप पर शुल्क बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया है।
सीतारमण ने कच्चा रेशम पर सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया तथा कपास पर 5 प्रतिशत किया गया, जो पहले शून्य था। इसी प्रकार, सेफ्टी ग्लास, विंडस्क्रीन वाइपर समेत आयातित वाहनों के कल पुर्जों पर सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया है। वित्त मंत्री ने पीसीबीए, कैमरा माड्यूल, कनेक्टर जैसे मोबाइल फोन और मोबाल फोन चार्जर पुर्जे पर सीमा शुल्क 2.5 प्रतिशत किया, जो पहले शून्य था। बजट प्रस्तावों के अनुसार, लिथियम आयन बैटरी के कच्चे माल पर सीमा शुल्क अब 2.5 प्रतिशत लगेगा, जो अबतक शून्य था। इसी प्रकार इंक काट्रिज और इंक स्प्रे नोजल पर 2.5 प्रतिशत सीमा शुल्क लगेगा। अभी इन पर शून्य शुल्क लगता था। तैयार चमड़ा उत्पादों पर पर अब 10 प्रतिशत सीमा शुल्क लगेगा, जो अबतक शून्य था। दूसरी तरफ नाइलान फाइबर और धागे पर सीमा शुल्क 7.5 प्रतिशत से कम कर 5 प्रतिशत कर दिया गया। इसी प्रकार, सोना आर चांदी पर आयात शुल्क 12.5 प्रतिशत से कम कर 7.5 प्रतिशत किया गया है। गोल्ड डोर बार पर सीमा शुल्क 11.85 प्रतिशत से कम कर 6.9 प्रतिशत और चांदी डोर बार पर इसे 11 प्रतिशत से कम कर 6.1 प्रतिशत किया गया है।

No comments