Corona Vaccine: की दूसरी डोज के बाद भी कोरोना पॉजिटिव, लेवल थ्री कोविड अस्पताल में लगी थी डॉक्टर की ड्यूटी, मामला सामने आने के बाद से हैरत में अन्य चिकित्सक
प्रयागराज। कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के बाद भी एक चिकित्सक कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इस डॉक्टर की ड्यूटी लेवल थ्री के कोविड अस्पताल में लगी थी, उन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है। अब वरिष्ठ चिकित्साधिकारी यह मंथन कर रहे हैं कि ऐसा किन परिस्थितियों में हुआ, हालांकि वैक्सीन की दूसरी डोज लगने के तीन या चार सप्ताह बाद शरीर में एंटीबाडी बनने की बात कही जा रही है।
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग से करीब 70 हेल्थ केयर वर्कर को 16 जनवरी को वैक्सीन की पहली डोज लगी थी। इनमें अधिकांश हेल्थ केयर वर्कर को टीके की दूसरी डोज 15 फरवरी को लगी। इन्हीं में एक जूनियर डाक्टर ने तबियत कुछ नासाज होने पर बुधवार को अपनी सैंपलिंग कराई थी जिसमें उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई।
कोविड अस्पताल के सह-नोडल अधिकारी डा. सुजीत वर्मा ने बताया कि मेडिसिन विभाग के उक्त डाक्टर की ड्यूटी इन दिनों कोविड अस्पताल में लगी थी। टीके की दूसरी डोज लगने के बावजूद कोरोना संक्रमण कैसे हुआ इस बारे में वह नहीं बता सके। वहीं सीएमओ डा. प्रभाकर राय का कहना है कि कंपनी से जो वैक्सीन आई थी, सभी मानकों को पूरा करते हुए उसके टीके लाभार्थियों को लगाए गए। किसी भी टीके के लगने के करीब डेढ़ माह बाद इम्युनिटी बढ़ती है, हालांकि उन्हें प्रयागराज में हुए ऐसे किसी केस की जानकारी नहीं है।


No comments