टीएमसी सरकार राज्य में वामपंथी मोर्चा के कुशासन का महज पुनर्जन्म है।’’.....प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

हल्दिया (पश्चिम बंगाल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ममता बनर्जी सरकार पर प्रहार करते हुए आरोप लगाए कि इसने ‘‘राजनीति का अपराधीकरण किया, भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दिया और पुलिस का राजनीतिकरण कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि लोग उनसे ‘ममता’ दिखाने की उम्मीद कर रहे थे लेकिन उन्हें ‘निर्ममता’ मिली। राज्य में अपनी पहली रैली में मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए उस पर ‘‘भ्रष्टाचार एवं कुशासन’’ के आरोप लगाए और कहा कि सत्तारूढ़ दल ने पिछले दस वर्षों में ‘‘कई बेइमानियां’’ कीं और समय आ गया है कि विधानसभा चुनावों में उन्हें ‘राम कार्ड’ दिखाया जाए। मोदी ने लोगों को चेताया कि टीएमसी, कांग्रेस और वामपंथी दलों के बीच ‘‘मैच फिक्स’’ है और केवल भाजपा की सरकार ही राज्य को ‘‘कुशासन’’ से मुक्त कर सकती है और उनके जीवन में ‘‘वास्तविक बदलाव’’ ला सकती है जैसा कि त्रिपुरा के लोग महसूस कर रहे हैं। आयुष्मान भारत और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी केंद्रीय योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं करने के लिए उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि भाजपा सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में इस तरह की योजनाओं को लागू करने का निर्णय किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल के लोग टीएमसी को राम- राम कहेंगे और भाजपा का स्वागत करते हुए जय श्री राम के नारे लगाएंगे।’’ टीएमसी में ‘‘वंशवादी राजनीति’’ पर प्रहार करते हुए ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि बंगाल के लोगों ने राज्य में ‘‘बुआ-भतीजावाद’’ को समाप्त करने का निर्णय लिया है। तृणमूल कांग्रेस पर राजनीति का अपराधीकरण करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाने का विश्वास जताया। चक्रवात अम्फान के बाद केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए केंद्रीय कोष में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘‘आपदा में भी भ्रष्टाचार के रास्ते ढूंढ लिए। इससे बड़ा अपराध नहीं हो सकता है।’’ उन्होंने कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा था और राहत कोष का ऑडिट कैग से कराने के आदेश देने पड़े थे। मोदी ने आरोप लगाए कि वाम मोर्चा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस राज्य में फिक्स राजनीतिक मैच खेल रहे हैं।

No comments