भारतीय महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना से ड्रॉ खेला
ब्यूनस आयर्स। भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना दौरे का अंत मेजबान के खिलाफ 1 - 1 से ड्रॉ के साथ किया। दुनिया की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ कप्तान रानी ने 35वें मिनट में गोल दागा जबकि मेजबान के लिये एमिलिया फोरचेरियो ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। यह भारतीय टीम का चौथा मैच था जबकि तीसरा मैच लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। इससे पहले भारत ने अर्जेंटीना की जूनियर टीम से 2 - 2 और 1 - 1 से ड्रॉ खेला जबकि अर्जेंटीना की बी टीम से 1 -2, 2 - 3 से हार गई। अर्जेंटीना की सीनियर टीम के खिलाफ भारत पहले दो मैच 2 - 3, 0 - 2 से हार गई थी। आखिरी मैच में भारतीय टीम जीत के लिये कमर कसकर उतरी थी लेकिन अनुभवी मेजबान टीम ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मेजबान ने पहले क्वार्टर से ही हमले बोलने शुरू कर दिये जिससे भारतीय डिफेंस पर दबाव बन गया। अर्जेंटीना ने पहले क्वार्टर के तीन मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर बनाये। भारतीय गोलकीपर सविता ने हालांकि दोनों पर गोल नहीं होने दिये। भारत को 11वें मिनट में मिला पेनल्टी कॉर्नर बेकार गया।दूसरे क्वार्टर में तीन मिनट बाद रानी को एक और मौका मिला जब अनुभवी वंदना कटारिया ने उनकी मदद की लेकिन भारतीय कप्तान अर्जेंटीना के डिफेंस को नहीं भेद सकी। अर्जेंटीना ने 23वें और 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाये लेकिन सविता ने गोल नहीं होने दिये।


No comments