Breaking News

शामली में सगी बहनों की पीट-पीटकर हत्या, मचा हड़कंप


उत्तर प्रदेश के शामली में दो सगी बहनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दो सगी बहनों की हत्या की जानकारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

हरियाणा निवासी बड़ी बहन के पति के अनुसार उसकी पत्नी डिंपल अपनी छोटी बहन सरोज का उसके पति से समझौता कराने झिंझाना आई थी। आरोप है कि छोटी बहन पति और उसके तीन भाइयों ने मिलकर दोनों बहनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पीड़ित ने अपनी साली के पति और उसके तीन भाइयों पर दोनों बहनों की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी दो भाई हिरासत में हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है।

शनिवार सुबह गांव रिसपुर, जनपद पानीपत, हरियाणा निवासी ऋषिपाल पुत्र आभेराम ने थाना झिंझाना में तहरीर देते हुए बताया कि शुक्रवार को उसकी पत्नी डिंपल अपनी छोटी बहन सरोज के घर आई थी। बताया कि सरोज का अपने पति विक्रम से मनमुटाव चल रहा था, जिसमें डिंपल ने दोनों समझा बुझाकर सुलहनामा कराने लगी थी। आरोप है इसी बीच विक्रम ने अपने तीन भाइयों विपिन, सुशील, अंकुर के साथ मिलकर उसकी पत्नी डिंपल और उसकी साली सरोज पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर एसपी सुकीर्ति माधव व सीओ कैराना जितेन्द्र सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की जानकारी की।

थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया दो सगी बहनों की हत्या की सूचना मिली थी, दोनों बहनों डिम्पल व सरोज के शवों को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका डिंपल के पति ऋषिपाल की तहरीर पर मृतका सरोज उर्फ शिवानी के पति विक्रम व उसके तीन भाईयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी दो भाई हिरासत में हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है।

तीन महीने पहले भी हुआ था पति-पत्नी का झगड़ा
करीब तीन महीने पहले भी पति-पत्नी का झगड़ा हुआ था। पति विक्रम ने शिवानी पर गंभीर आरोप लगाए थे और गांव के ही एक युवक के साथ झगड़ा करके 112 पर कॉल करके उसे पुलिस से पकड़वाया था। उसके बाद गांव के ही गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों का फैसला करा दिया था। और शिवानी अपने मायके चली गई थी बाद में विक्रम भी शिवानी के साथ उसके मायके में रहने लगा था। करीब 20 दिन पहले विक्रम व शिवानी अपने गांव डेरा लाल सिंह वापस लौट आए थे। दो दिन पहले फिर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया था जिसका फैसला कराने के लिए शिवानी की बड़ी बहन डिंपल आई थी। शिवानी और डिंपल की मां निर्मला ने बताया कि कल शाम से दोनों बहनों के नंबर बंद थे, हमें पता लगा है, कि दोनों की घर में ही पिटाई की जा रही थी और रात में दोनों की हत्या करके चारों भाइयों ने दूर खेतों में डाल दिया। गांव से ही हमें किसी ने सूचना दी। तब जाकर हम थाने आए और चारों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रहे हैं ।

कैसे होगा तीन मासूम बच्चों का पालन-पोषण
विक्रम कोरी के तीन मासूम बच्चे है जिसमें अमन आठ वर्ष, लक्षित छह वर्ष, कार्तिक पांच वर्ष है। इन तीनों मासूम बच्चों का मां की हत्या व पिता के जेल जाने से बुरा हाल है। अब बूढ़े दादा-दादी ही मासूमों का सहारा है। जबकि, इन बच्चों के सर पर रहने के लिए छत भी नहीं है। बहुत ही खस्ता हालत मे छप्पर के नीचे मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे और एक ही झटके मे सब खत्म हो गया। वहीं, हरियाणा निवासी मृतका डिम्पल भी अपने पीछे तीनों बच्चे लड़की आरती 15 वर्ष, बेटा विशाल दस वर्ष, बेटा राहुल तीन वर्ष छोड़ गयी। वहीं, दोनों मृतका की मां निरमला का रो-रो कर बुरा हाल है व पुलिस से इंसाफ मांग रही है। दोनों बेटी के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिले।

No comments