Breaking News

प्रमुख सचिव ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में ली समीक्षा बैठक

 इलाहाबाद 27 मार्च 2018 : प्रमुख सचिव, खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं इलाहाबाद के नोडल अधिकारी हिमांशु कुमार की अध्यक्षता में आज संगम सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की गयी। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सुहास एल0वाई0, मुख्य विकास अधिकारी सैमुअल पाॅल एन0, ए0डी0एम0 प्रशासन एम0के0 राय, मुख्य राजस्व अधिकारी जी0एल0 शुक्ल के अलावा अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास एवं जनपद के सभी अधिकारीगण बैठक में उपस्थित थे।


प्रमुख सचिव ने विभागवार चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा बैठक में सभी विभागों से उनके कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने तहसील समाधान दिवस की प्रगति, सी0एम0ओ0 द्वारा चिकित्सकों की उपलब्धता एवं दवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, टीकाकरण आदि कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति की स्थिति, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, महिला कल्याण, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, गाँवों में पेयजल की स्थिति, खाद्य एवं रसद विभाग में राशन कार्डों के सत्यापन की प्रगति सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से जानी एवं यह आदेश दिया कि जो भी कार्य अभी अपूर्ण है उन्हें समय पर पूरा किया जाये। 
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने नई सड़कों के निर्माण के बारे में जानकारी ली तथा नई सड़कों निर्माण का कार्य कब तक पूरा होगा, इस बारे में भी उन्होंने विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उन्हें समय पर कार्य पूरा करने की चेतावनी दी। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष सड़कों के गड्ढा मुक्त होने की स्थिति के बारे मे अधिकारियों से जानकारी ली तथा इस कार्य में और तेजी लाने का आदेश दिया।
प्रमुख सचिव ने नगर विकास विभाग की समीक्षा करते हुए नगरीय स्ट्रीट लाइट, अमृत एवं स्मार्ट सिटी योजना की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा स्मार्ट सिटी से जुड़े हुए कार्यों को तीव्र गति से पूरा करने के आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग में अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ अबतक की गई कार्रवाई की जानकारी ली, विद्युत आपूर्ति विभाग में नये विद्युत कनेक्शन के लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति तथा ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन की स्थिति में क्या प्रगति हुई, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आॅगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति, कृषि विभाग में पारदर्शी किसान सेवा योजना, खाद्य एवं बीजों की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति, ऋणमाफी योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध खनन के विरूद्ध क्या कार्यवाही की गयी, पंचायती राज विभाग द्वारा कितने गाँव ओडीएफ हुए तथा अभी कितने गाँव होने शेष है तथा इस कार्य को कब तक पूरा कर लिया जायेगा आदि की जानकारी डीपीआरओ से ली गई। उन्होंने नहरों में टेल तक पानी पहुँचाने, आबकारी विभाग, वाणिज्यकर विभाग, राजस्व विभाग से भू-माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई, लोकवाणी जनसेवा आदि बिन्दुओं पर प्रभारी नोडल अधिकारी हिमांशु कुमार द्वारा विस्तार पूर्वक गहन समीक्षा की गयी। उन्होंने चल रहे कार्यों को तय समय सीमा के अन्दर पूरा कर लेने का आदेश दिया। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सैमुअल पाॅल एन0 ने कहा कि लगातार हर कार्य की मानीटरिंग कराई जा रही है और कार्यों को लक्ष्य के सापेक्ष समय से पूर्ण करा लिया जायेगा।

No comments