Breaking News

खुशबू ए आज़ादी : युवा कलाकारों के समूहों ने अपनी अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियां दी

इलाहाबाद | स्वाधीन भारत इस वर्ष 15 अगस्त 2018 को अपनी 72 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जिस अवसर पर सांस्कृतिक केंद्र, युवा कलाकारों को केंद्र बिंदु में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।
इस उपलक्ष्य में आज उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रांगण में प्रातः काल, केंद्र निदेशक  इंद्रजीत ग्रोवर द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसी क्रम में केंद्र के प्रेक्षागृह में सम्मान समारोह के साथ विशिष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन सायंकाल 05 बजे से किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) गिरिधर मालवीय जी के साथ केंद्र निदेशक इंद्रजीत ग्रोवर और सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी क़सूद उल्लाह एवं श्री भागवत प्रसाद भारती ने दीप जलाकर किया। केंद्र निदेशक ने अपने स्वागत उध्बोधन में मुख्या अतिथि, निर्णायक मण्डल, प्रतिभाग करने वाले सभी युवा प्रतिभागियों और मेधावियों के साथ उपस्थित शहर के सम्मानित नागरिकों और कलाकारों का स्वागत किया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा की इस तरह के कार्यक्रम सभी सम्मानित देशवासियों को राष्ट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पुष्ट करने के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध करने का भी अवसर प्रदान करता है।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) गिरिधर मालवीय जी ने अपने वक्तव्य में इंद्रधनुषी प्रस्तुतियों के साथ पुरस्कृत हुए सभी युवा कलाकारों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने वक्तव्य के माध्यम युवाओं को आज़ादी के मायने समझाते हुए भारत माता की प्रभुता और गरिमा को संरक्षित एवं इसके संवर्धन के लिए सतत्त प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने केंद्र निदेशक एवं केंद्र को इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी। 
इस सम्मान समारोह में कल आयोजित हुए लोक नृत्य एवं लोक गीत की प्रतियोगिता के दोनों, कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्गों में विशिष्ठ प्रस्तुति देने वाले युवा कलाकारों के समूहों ने अपनी अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियां दी जिसके उपरान्त उनको सम्मानित किया गया। कल आयोजित इन प्रतियोगिताओं में करीब 400 बच्चों ने प्रतिभाग किया था। सम्मानित किये जाने वाले समूह में देश भक्ति प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में पतंजलि ऋषिकुल प्रथम स्थान, महर्षि पतंजलि विद्यामंदिर द्वितीय स्थान, सेन्ट्रल अकादमी तृतीय स्थान पर रहे। इसी जगह देश भक्ति प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थानों पर प्रयाग संगीत समिति के दल रहे और तृतीय स्थान पर महर्षि विद्यामंदिर का दल रहा। वहीँ लोक नृत्य प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सेन्ट्रल अकादमी प्रथम, पतंजलि ऋषिकुल द्वितीय और टैगोर पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। इसी जगह लोक नृत्य प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में प्रयाग संगीत समिति प्रथम स्थान, टैगोर पब्लिक स्कूल द्वितीय स्थान और पतंजलि ऋषिकुल तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक केंद्र ने इन युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए प्रमाण पत्र के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को रूपए 15,000/-, द्वितीय को रूपए 10,000/- एवं तृतीय को रूपए 5,000/- परितोष के रूप में दिया। इस गौरवपूर्ण बेला में भारत की स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को भी केंद्र की ओर से याद करते हुए सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले स्वतंत्रता सेनानियों में श्री मक़सूद उल्लाह और श्री भागवत प्रसाद भारती रहे।
युवाओं के सम्मान समारोह के साथ ही उपस्थित दर्शकों को इलाहाबाद की चित्रा चौरसिया द्वारा शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायन के साथ रोशन पांडेय के नेतृत्व में "मस्त कलंदर ग्रुप" द्वारा समकालीन देश भक्ति गीत एवं सूफी गायन सुनने को मिला। इसी क्रम में इलाहाबाद की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार पूर्णिमा कनौजिया के नेतृत्व में नटका एवं झूमर लोकनृत्य और श्री आनद किशोर के नेतृत्व में पूर्वी लोकनृत्य की प्रस्तुति हुई। इन रंगारंग प्रस्तुतियों के उपरांत निर्णायक मण्डल की दोनों मूल्यांकनकर्ता वरिष्ठ लोक कलाकार  प्रभा सिंह के साथ इलाहाबाद शहर की युवा कलाकार डॉ शुचि तिवारी ने अपने मूल्यांकन के समय अनुभव किये सूक्ष्म लेकिन अति महत्वपूर्ण युक्तियाँ युवा कलाकारों से साझा करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। इसी क्रम में मुख्य अतिथि एवं केंद्र निदेशक द्वारा समस्त विशिष्ठ कलाकारों एवं निर्णायक मण्डल के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

No comments