कुंभ मेला 2019: संगम तट पर उमड़ा रेला, शाही स्नान से पहले श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी,

प्रातःकाल संवाददाता
प्रयागराज कुंभ में शाही स्नान शुरु हो गया है। करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। स्नान के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे का जयकारा लगाए। इस स्नान के दौरान लोगोंं ने गंगा में जमकर आस्था की ड़ुबकी लगाई।
मंगलवार को पहला शाही स्नान शुरु हो गया, सभी तेरह अखाड़ों को तीन भागों में सन्यासी, बैरागी और उदासीन भागों में बांटा गया था। सबसे पहले संत ने शाही स्नान किया, फिर बैरागी और अंत में उदासी के अंतर्गत आने वाले संतों ने स्नान किया।
बता दें कि मकर संक्रांति से एक दिन पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में डुबकी लगाई। कड़ाके की सर्दी के बीच भक्ति के सागर में डुबकी लगाने के लिए लोग निकले। यातायात प्रतिबंधों और सुरक्षा के चुस्त इंतजामों के चलते देश भर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मीलों पैदल चलकर घाटों पर स्नान के लिए पहुंचना पड़ा।
स्नान के साथ ही रेती पर संतों,पुरोहितों के शिविरों में खिचड़ी दान की होड़ मची रही। मेला प्रशासन ने शाम छह बजे तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान की पुष्टि की। तीर्थराज की पावन धरती पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए आतुर श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी के भाव साफ झलक रहे थे। हर तरफ उल्लास, उत्सव जैसे माहौल में लोग आस्था के पथ पर बढ़े तो बढ़ते गए।
घाटों पर स्नान का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया था। संगम नोज के अलावा महावीर घाट, अक्षयवट घाट, राम घाट, नाग वासुकि, शिवकुटी और फाफामऊ में स्नानार्थियों का तांता लगा रहा। बड़ी तादाद में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों का रेला घाटों पर उमड़ता रहा। संगम स्नान के बाद लोगों ने तिल, चावल, गुड़ और उड़द की दाल का दान किया। कोई अन्न दान कर रहा था तो कोई वस्त्र।

No comments