कुम्भ मेला, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया संगम पर सपत्नीक गंगा पूजन
प्रयागराज। पतित पावनी गंगा-यमुना-सरस्वती के त्रिवेणी संगम के पावन तट पर कुम्भ मेला-2019 के सकुशल सम्पन्न होने की कामना हेतु वरिष्ठ अधिकारियों ने संगम पर सपत्नीक गंगा पूजन किया। शनिवार को संगम पर आयुक्त प्रयागराज मण्डल डाॅ0 आशीष कुमार गोयल ने अपनी पत्नी श्रीमती सलोनी गोयल के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच गंगा पूजन किया और मां गंगा से कुम्भ मेला को सकुशल सम्पन्न कराने की कामना की और आशीर्वाद मांगा। इसी प्रकार वैदिक मंत्रोचार, शंखनाद एवं मां गंगा की आरती के बीच अपर पुलिस महानिदेशक एस0एन0 साबत, पुलिस महानिरीक्षक श्री मोहित अग्रवाल, डीआईजी कुम्भ मेला श्री कवीन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी प्रयागराज श्री सुहास एल0वाई0, अपर मेलाधिकारी श्री सी0पी तिवारी, श्री डी0के0 त्रिगुणायत ने सपत्नीक गंगा पूजन किया। इसके अलावा मेलाधिकारी श्री विजय किरन आनन्द ने भी गंगा पूजन और गंगा आरती किया। संगम पर गंगा मईया की जय और हर-हर महोदव के उद्घोष तथा शंखनाद की ध्वनि से पूरा संगम क्षेत्र गुंजायमान हो गया। सभी अधिकारियों ने गंगा मईया की आरती करते हुए हाथ जोड़ कर गंगा मईया से प्रार्थना किया और कामना किया कि कुम्भ मेला सकुशल सम्पन्न हो जाय और सभी श्रद्धालुगण संगम में स्नान के बाद अपने-अपने घर सकशुल लौट जाय। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी गंगा मईया की पूजा-अर्चना करते हुए आशीर्वाद मांगा।

No comments