Breaking News

मुख्य सचिव ने किया कुम्भ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

प्रयागराज। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन डॉ. अनूप चन्द्र पाण्डेय ने प्रयागराज भ्रमण के दौरान आज कुम्भ मेला 2019 में कराये जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संगम पर कुम्भ के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों को देखा तथा अरैल क्षेत्र में बन रहें टेंट सिटी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कुम्भ मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा निर्मित चिकित्सालय एवं उनके द्वारा स्वच्छता के लिए किये गये प्रबन्ध को भी बारीकी से देखा। मा. मुख्य सचिव ने मेला स्थित पुलिस लाइन में कुम्भ मेला को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न जनपदों से आये हुए पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को सम्बोधित करते हुए उन्हें विश्व के सबसे बडे आयोजन कुम्भ मेला को सकुशल सम्पन्न कराने में अपना सम्पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।
सर्वप्रथम मुख्य सचिव किले स्थित वीआईपी घाट पहुंचे। जहां पर उन्होंने कराये जा रहे कार्यों को देखा। मा. मुख्य सचिव वहां से मोटर बोट से पूरे संगम क्षेत्र का जलमार्ग से निरीक्षण किया तथा मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल से कार्यों की जानकारी लेते रहें। मा. मुख्य सचिव ने निरीक्षण के दौरान ही अरैल क्षेत्र में बन रहे टेंट सिटी का भी अवलोकन किया, जिसकी विस्तृत जानकारी मण्डलायुक्त महोदय के द्वारा उन्हें बतायी गयी। मुख्य सचिव ने कुम्भ मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के स्नान के लिए किये गये प्रबन्ध को भी देखा तथा गहरे पानी में श्रद्धालु न जाय इसके लिए की गयी बैरिकेटिंग को भी उनके द्वारा देखा गया।
मा. मुख्य सचिव वहां से निकलकर मेला क्षेत्र में स्थापित पुलिस लाइन पहुंचे। जहां पर कुम्भ मेला के लिए आये हुए अर्द्धसैनिक बलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को देखा तथा जवानों को सम्बोधित भी किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि उन्हें अर्द्धसैनिक बलों की क्षमता एवं काबिलियत पर पूरा विश्वास है तथा इसी विश्वास और लगन के साथ इस विश्व के सबसे बड़े आयोजन कुम्भ को सकुशल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। उन्होंने कहा कि इस बार कुम्भ पिछले कुम्भ की अपेक्षा काफी बड़ा है इसलिए नयी चुनौतियों के लिए तैयार होकर इस कुम्भ को सकुशल सम्पन्न बनाया जाय। उन्होंने कहा कि कुम्भ पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करती है। इस बार कुम्भ के इस आलोकिक वातावरण को देखने के लिए विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भी आयेंगे। उन्हें वाराणसी से लेकर प्रयागराज में लाने तथा कुम्भ का भ्रमण कराने के लिए उत्तर प्रदेश एवं केन्द्र सरकार ने व्यापक प्रबंध किये है।
मुख्य सचिव पुलिस लाइन सभागार से निकलकर स्वास्थ्य विभाग के केन्द्रीय चिकित्सालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने कुम्भ के दौरान आने वाले लोगों की चिकित्सिय सेवा के लिए किये गये प्रबन्ध को भी देखा। उन्होंने वहां उपस्थित चिकित्सकों से चिकित्सालय में दी जाने वाली चिकित्सिय सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मा. मुख्य सचिव वहां से निकलकर मेला क्षेत्र में स्वच्छता के लिए किये गये व्यापक प्रबन्ध को भी देखा। जिसमें उन्होंने मेला क्षेत्र में स्थापित शौचालयों को देखा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के द्वारा उन्हें मेला क्षेत्र में स्थापित किये गये शौचालय की जानकारी दी गयी। मा. मुख्य सचिव ने स्वच्छता पर किये गये व्यापक प्रबन्ध पर संतोष जाहिर किया। मा. मुख्य सचिव वहां से निकलकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण कार्यालय में स्थापित आईसीसीसी (इंटिगेटेड कन्ट्रोल कमाण्ड सेंटर) को देखने पहुंचे। जहां पर मेलाधिकारी श्री विजय किरन आनन्द ने उन्हें इस सेंटर से पूरे मेला क्षेत्र में रखी जा रही नजर की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे मेला क्षेत्र में नजर रखी जा रही है।
 मुख्य सचिव निरीक्षण करने के उपरान्त प्रयागराज मेला प्राधिकरण कार्यालय के आईसीसीसी के सभागार में पहुंचे। जहां पर उन्होंने सभी विभागो के साथ कुम्भ कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक विभाग से कराये गये तथा किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा कुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए किये गये प्रबन्ध को भी देखा। इस बैठक तथा निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव, एनआरआई विभाग राजेश कुमार, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश ओ.पी. सिंह के साथ डीआईजी कुम्भ के.पी.सिंह, एसएसपी प्रयागराज  नितिन तिवारी तथा सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

No comments