उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर दो घंटे न्यायिक हिरासत के बाद कोर्ट से छूटे
प्रातःकाल संवाददाता
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व अभिनेता राज बब्बर सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। दो घंटे की न्यायिक हिरासत के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।
1996 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान राज बब्बर के खिलाफ वाद दायर किया गया था। उस समय वह समाजवादी पार्टी में थे। इस मामले में जमानत के लिए दाखिल की गई अर्जी पर सुनवाई के बाद जज ने उन्हें जमानत दे दी। कोर्ट से निकलने के बाद राज बब्बर सिविल लाइंस स्थित होटल गए, जहां वह रविवार को रुके थे। वहां से शाम को बमरौली पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कोर्ट के बाहर जुटी भीड़
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व बालीवुड के अभिनेता राज बब्बर की पेशी के दौरान बाहर लोगों की भीड़ भी जुटी थी। उनसे मिलने और उनकी एक झलक पाने के लिए लोग उतावले रहे। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
रविवार को राज बब्बर पहुंचे थे प्रयागराज
तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली बार रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर प्रयागराज पहुंचे। शाम पांच बजे लखनऊ से वायु मार्ग से बमरौली एयरपोर्ट पर आए। वहां से पार्टी पदाधिकारियों के साथ वह सिविल लाइंस स्थित एक होटल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करने की बात कही।


No comments