मुक्केबाजी टूर्नामेंट के क्वाटर फाइनल में पहुचे अमित
नयी दिल्ली। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघल (49 किग्रा) को गुरुवार को बुल्गारिया के सोफिया में 70वें स्ट्रेंडजा मेमोरियल मुक्केबाजी टूर्नामेंट के पहले दौर में बाई मिली जिससे उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टूर्नामेंट में लगातार दूसरे स्वर्ण पदक की कवायद में जुटे अमित रविवार को अंतिम आठ के मुकाबले में उक्रेन के नजर कुरोतचिन से भिड़ेंगे। इस मुकाबले में जीत अमित के इस प्रतिष्ठित यूरोपीय प्रतियोगिता में लगातार पदक सुनिश्चित कर देगी।
राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता नमन तंवर (91 किग्रा) को भी बाई मिली और वह शनिवार को प्री क्वार्टर फाइनल में पोलैंड के माइकल सोजिनस्की के खिलाफ उतरेंगे। महिला मुक्केबाजों में पिछले टूर्नामेंट की रजत पदक विजेता मीना कुमारी देवी (54 किग्रा) को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली जबकि नीरज (60 किग्रा) गुरुवार को हुए ड्रा के अनुसार प्री क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगी। पीठ की चोट के बाद वापसी कर रहे विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता गौरव बिधूड़ी (56 किग्रा) शुक्रवार को पहले दौर में स्थानीय दावेदार इमानुएल बोगोएव से भिड़ेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता गौरव सोलंकी (52 किग्रा) का सामना पहले दौर में अमेरिका के अब्राहम पेरेज से होगा।





No comments