राजबब्बर ने कहा, नफरतों के खिलाफ एकजुट होकर करें मतदान
प्रयागराज : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने देश में फैली सांप्रदायिकता का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर इसका ठीकरा फोड़ा। उन्होंने देश में फैली नफरतों का खात्मा करने के लिए 12 मई को कांग्रेस के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
कहा, सरकार ऐसी चुनें, जिसमें सभी महफूज हों
राजबब्बर बुधवार को पुराने शहर के मंसूर अली पार्क में फूलपुर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज निरंजन पटेल के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ऐसी चुनें, जिसमें सभी महफूज हों। यहां तो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि वह सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे में देश की जनता की सुरक्षा कौन करेगा। मुल्क में हिंदू-मुस्लिम सभी सहमे हैं। सवालिया लहजे में उन्होंने लोगों से पूछा यहां देशभक्त कौन-कौन है। इस पर सभी ने हाथ उपर किए तो उन्होंने कहा यदि देशभक्त हैं तो क्यों सहमे हैं। क्या भाजपा देशभक्त का प्रमाणपत्र देगी।
दी सलाह, यकीन और भरोसे के साथ खुलकर मतदान करें
फैसले की रात गुणा-भाग करने के बजाय यकीन और भरोसे के साथ खुलकर मतदान करें। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वह नेकी के लिए अपनी अंगुली का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस के समर्थन में मतदान करें। सभा को संबोधित करने के बाद वह बांदा के लिए रवाना हो गए। सभा की अध्यक्षता नफीस अनवर और संचालन महासचिव हसीब अहमद ने किया। इस दौरान शेखर बहुगुणा, मुकुंद तिवारी, विजय मिश्र, तस्लीम उद्दीन, जावेद उर्फी, निशांत त्रिपाठी, अरशद अली, अनिल पांडेय, शकील अहमद, तस्लीम आरिफ आदि मौजूद रहे।
मंच पर अफरातफरी देख भड़के
राजबब्बर का काफिला जैसे ही मंसूर अली पार्क स्थित सभास्थल पर पहुंचा तो वहां मौजूद कांग्रेस नेता उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मंच पर चढ़ गए। धक्का-मुक्की होने लगी। इस पर राजबब्बर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर भड़क गए। कुछ नेताओं को उन्होंने खरी-खोटी सुनाते हुए मंच से धक्का तक दे दिया। संबोधन शुरू होते ही उन्होंने सबसे पहले अपना गुस्सा पार्टी पदाधिकारियों पर ही उतारा। कहा कि इन नेताओं के लिए पहले तालियां बजाएं, जिन्हें मंच पर खड़ा होना ज्यादा अच्छा लग रहा है।
महिला कार्यकर्ता से छीना मोबाइल
राजबब्बर सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके बगल में एक महिला कार्यकर्ता भी खड़ी थी। वह भाषण को अपने मोबाइल में वीडियो बना रही थी। इस पर राजबब्बर नाराज हो गए। उन्होंने उसका मोबाइल छीन कर पीछे खड़े कार्यकर्ताओं को पकड़ा दिया।



No comments