खेती किसानी : किसानों को उद्यान विभाग अक्तूबर में बिक्री करेगा आलू के बीज
आलू की खेती के लिए किसानों को उद्यान विभाग अक्तूबर में आलू के बीजों की बिक्री करेगा। उद्यान विभाग इस बार आलू की तीन किस्मों कुफरी आनंद, कुफरी बहार और कुफरी चिप्सोना के बीजों की बिक्री करेगा। पिछले वर्ष चिप्सोना आलू के बीज की बिक्री कम की गई थी। बीज की खरीदारी किसान नकद व चेक के जरिए कर सकेंगे।
जिले में लगभग 1300 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 25 हजार किसान आलू की खेती करते हैं। तीन लाख मीट्रिक टन आलू की पैदावार जिले में आंकी जाती है। यूं तो सभी ब्लाकों में आलू की खेती की जाती है लेकिन फूलपुर, सोरांव, कौड़िहार क्षेत्र गढ़ माने जाते हैं। योजना प्रभारी अवधेश मिश्र ने बताया कि तीनों वेरायटी के आलू के बीज बाजार से कम दामों पर किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसकी पैदावार 80 से 100 क्विंटल प्रति बीघा होगी। बताया कि आलू के बीजों की बिक्री अक्तूबर के दूसरे हफ्ते में शुरू होगी।

No comments