पुलिस पर भड़के लोग, महिला सुरक्षा के लिए निकाली रैली
प्रयागराज के गौहनिया बाजार में रविवार को प्रगतिशील महिला संगठन ने समाज में बलात्कार की बढ़ती घटनाओं, पीड़िताओं की हत्या एवं पुलिस द्वारा बलात्कारियों की रक्षा करने के विरोध में सभा कर रैली निकाली। हाथों में झंडे और स्लोगन लिखी तख्तियां लिए लोगों ने नारे लगाए- बलात्कारियों को सजा देने की गारंटी करो, नए कानून का नाटक बंद करो, सेंगर की रक्षा कब तक जवाब दो, चिन्मयानंद की रक्षा कब तक जवाब दो, रेप पीड़िता पर दबाव बनाना बन्द करो, हैदराबाद रेप कांड में केस न लिखने वाली दोषी पुलिस और हत्या करनेवालों को जेल भेजो, बलात्कारी नेताओं की रक्षा करना बंद करो, दबंग बलात्कारियों की रक्षा करना व गरीब आरोपियों की हत्या न्याय नहीं है, तेलंगाना की हत्यारी पुलिस मुर्दाबाद, मुख्यमंत्री व डीजीपी, तेलंगाना को गिरफ्तार करो। सभा में वक्ताओं ने कहा कि तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद रेप पीड़िता की प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी और दूसरे थाने का मामला बताकर पीड़ित परिवारों को रात भर दौड़ाती रही। इस घटना में भावनाओं पर खेलकर पुलिस ने चारों गरीब आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया। भारतीय पुलिस तंत्र व न्यायिक तंत्र पहले पीड़िता की शिकायत नहीं दर्ज करता, दर्ज होने पर जांच सही से व समय पर नहीं करता, अपराधी पीड़िता को धमकाकर समझौते का दबाव बनाते हैं, खुले घूम रहे अपराधी पुलिस के सहयोग से पीड़िता पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराते हैं। लोगों ने कहा कि इन घटनाओं ने साबित किया है कि आरोपी गरीब है तो पुलिस उसे मार डालती है, आरोपी दबंग है तो पीड़िता की हत्या हो जाती है। बलात्कार के बाद पीड़िताओं की निर्मम हत्या से जब सरकार घिरती है तो आरोपियों को फांसी देने को कानून बनाने की बात करने लगती है। सभा के दौरान मंजू देवी, गुलबकली, सुषमा कुशवाहा, शबनम, विमला, अनारकली, शांतिदेवी, कल्लो देव, मंजुसा देवी, मालती देवी, लालमनी, देवकली, गुंजन देवी, शिवकुमारी, सुमन, रामकली, राजकली, वर्षा, कोमल, वंदना निषाद आदि उपस्थित रहे। सभा का संचालन आकृति ने किया और अध्यक्षता श्यामकली ने की।


No comments