कुंभ मेला में कल्पवासियों को दी गई संतुलित आहार की जानकारी

प्रातःकाल संवाददाता
प्रयागराज: विश्व आयुर्वेद परिषद की ओर मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर सोमवार को संगम स्थित प्रभा ध्यान योग में विश्व मंगल दिवस मनाया गया। यहां भगवान धनवंतरि की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में कल्पवासियों को संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी गई। विश्व आयुर्वेद परिषद के काशी प्रांत अध्यक्ष डॉ. पीएस पांडेय ने कहा कि मकर संक्रांति पर सूर्य धनु को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है। इस समय जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है। परषिद उपाध्यक्ष डॉ. जे नाथ ने शिशिर ऋतु में कल्पवासियों के आहार के बारे में जानकारी दी। बताया कि कल्पवासियों को सुबह जल्दी उठकर नाश्ता जरूर करना चाहिए। भोजन में गेहूं, चना, मूंग, उड़द, बाजरा से बना भोजन ग्रहण करना चाहिए। दूध, शहर, सूखे मेवे घी के साथ लाभकर होते हैं। गाजर, चुकंदर, गन्ना, मूली टमाटर को आहार में शामिल करें। इसके अलावा योग और व्यायाम करना चाहिए। अधिक कोहरा और शीत में नहीं टहलना चाहिए। रजाई या कंबल से निकलकर सहसा खुले में जाने से बचें। यहां पर डॉ. एसएस उपाध्याय, डॉ. वीएस रघुवंशी, डॉ. शंकर मिश्र, डॉ. एससी दुबे, डॉ. ममता मिश्र, डॉ. शिशिर उपाध्याय आदि थे।

No comments