भूमि आवंटन में गड़बड़ी से कल्पवासियों-संस्थाओं में छिड़ी रार,मंडलायुक्त से की गई शिकायत

प्रातःकाल संवाददात
कुंभ मेला: प्रयागराज: भूमि आवंटन में गड़बड़ी से कल्पवासियों और संस्थाओं के संचालकों के बीच रार मच गई है। काली मार्ग दक्षिणी पटरी से उजाड़े गए कल्पवासियों ने तीर्थपुरोहितों की मदद से सोमवार को दोबारा कब्जा तो जमा लिया , लेकिन संस्था के संचालकों ने धमकी देकर मुसीबत बढ़ा दी है। इसकी शिकायत सोमवार को मंडलायुक्त आशीष कुमार गोयल से की गई। तीर्थपुरोहितों व कल्पवासियों ने विवाद के लिए मेला प्रशासन के कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया है। लालटेन निशान वाले प्रयागवाल तीर्थपुरोहित राजेश तिवारी ने मंडलायुक्त को भेजे पत्र में मेला प्रशासन पर भूमि आवंटन में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। राजेश का कहना है कि काली मार्ग दक्षिणी पटरी पर जहां उनको वर्षों से भूमि आवंटित होती आ रही है, वहां पर इस बार मेला प्रशासन के एक अफसर ने अपने गांव के करीबी की संस्था को भूमि आवंटित कर दिया है। रविवार को मेला प्रशासन के कुछ कर्मचारियों के उकसाने पर कई दिन से साधनारत कल्पवासियों के शिविरों को उजाड़ दिया गया और वृद्धों के साथ धक्कामुक्की की गई थी।

No comments