वसंत पंचमी : सर्वार्थ सिद्धि योग में संगम पर लगेगी डुबकी, दो दिन मनेगी वसंत पंचमी
दो दिन मनेगी वसंत पंचमी, 29 को सरस्वती पूजा और 30 को उदया तिथि में होगा त्रिवेणी संगम में स्नान, तीन ग्रहों की अनुकूलता से खुशहाली, समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी वसंत पंचमी, वसंत पंचमी पर 30 जनवरी को संगम में स्नान के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार पांच किलोमीटर क्षेत्र में 16 से अधिक घाटों पर स्नान की व्यवस्था की जा रही है। संगम नोज समेत अन्य घाटों की मरम्मत के अलावा सर्क्युलेटिंग एरिया को सुदृढ़ बनाने और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। पांटून पुलों और चकर्ड प्लेट मार्गों की मरम्मत के साथ ही बिजली, पानी और सफाई के इंतजामों पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रयागराज। माघ मेले के चौथे स्नान पर्व वसंत पंचमी पर इस बार सर्वार्थसिद्धि योग में संगम पर पुण्य की डुबकी लगेगी। इस बार ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति माघ शुक्ल पक्ष की पंचमी को बेहद खास बनाएगी। इस दिन मंगल वृश्चिक राशि में, बृहस्पति धनु राशि में और शनि मकर राशि में रहेंगे। पंचमी पर गुरुवार का दिन और उतराभाद्रपद नक्षत्र के संयोग से सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा। ऐसे में स्नान दान करने से समृद्धि और खुशहाली की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रयागराज में अदृश्य सरस्वती का संगम होने की वजह से इस स्नान पर्व का और भी अधिक महत्व रहेगा। यज्ञोपवीत, मुंडन, विद्यारंभ संस्कार भी कराए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार वसंत पंचमी दो दिन मनाई जाएगी। पंचमी तिथि 29 जनवरी की सुबह 10:46 से आरंभ होकर 30 जनवरी की दोपहर 1:19 बजे तक रहेगी। ज्योतिषाचार्य ब्रजेंद्र मिश्र के अनुसार वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजा 29 जनवरी बुधवार को होगी। पूजा पूर्व विद्धा पंचमी नक्षत्र में फलदायी होगी। इसके लिए श्रेष्ठ मुहूत दिन में 10:46 से दोपहर 12:34 तक रहेगा। इस क्रम में पहले दिन सिर्फ पूजा होगी। जबकि 30 जनवरी को प्रयागराज की परंपरा के अनुसार उदया तिथि में संगम पर स्नान होगा। इस बार ब्रह्म मुहूर्त में बृहस्पतिवार की भोर 3:40 बजे से पुण्य की डुबकी लगेगी। इस दिन गुरुवार और उतराभाद्रपद नक्षत्र होने से सिद्धि योग बन रहा है। ग्रहों की अनुकूलता से दिन भर सर्वार्थसिद्धि योग भी रहेगा। इन दोनों योग के चलते इस बार वसंत पंचमी खुशहाली और सुख, समृद्धि लेकर आएगी।
बसंत पंचमी
29 जनवरी की सुबह 10:46 से 30 जनवरी की दोपहर 1:19 तक
पूजा : 29 जनवरी की सुबह 10:46 से 12:34 बजे तक
स्नान: 30 जनवरी की भोर 3:40 से दिन भर।

No comments