Breaking News

*शतक से चूके इमरोज, यूनिवर्सल एकादश जीता*


प्रयागराज। मो. इमरोज के अर्धशतक (94 रन, 54 गेंद, 19 चौके, एक छक्का) की बदौलत यूनिवर्सल एकादश ने डेल्टा क्लब को छह विकेट से हराकर गंगा जमुना तहज़ीब टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया।
दौलत हुसैन कालेज मैदान पर शनिवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में टॉस हारकर डेल्टा क्लब ने 18.3 ओवर में 141 रन (आजमी हसन 34, कामरान उल्ला 27, यूसुफ खान 24, आरिज 3/14, वकार रिजवान, फैजान व शेरा दो-दो विकेट) बनाये। जवाब में यूनिवर्सल एकादश ने 14.1 ओवर में 4 विकेट पर 144 रन (मो. इमरोज 94, वकार 16, मोइज अहमद 2/20) बना लिये। इमरोज को मैन ऑफ दि मैच चुना गया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता मो. शहाब ने किया। समाजसेवी चौधरी आबिद अहमद विशिष्ट अतिथि रहे। इस मौके पर मो. मसीउद्दीन, मो. राशिद, शाहिद अस्करी, इम्तियाज करीम, अस्करी अब्बास, मजहर कलीम, मंसूर अली, इरफान और आरिफ मौजूद रहे। आयोजन सचिव मो. रिजवान ने कार्यक्रम का संचालन किया।

फोटो-मो. इमरोज (94 रन, मैन ऑफ दि मैच)


*एडवोकेट एसोसिएशन और सिविल लाइंस स्पोर्टिंग फाइनल में*

प्रयागराज। एडवोकेट एसोसिएशन ने प्रयाग एकादश को 15 रन और सिविल लाइंस स्पोर्टिंग ने इनिंग एकादश को 7 विकेट से हराकर इलाहाबाद प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर शनिवार को खेले गये पहले सेमीफाइनल में एडवोकेट एसोसिएशन ने 20 ओवर में 132 रन (मयंक अवस्थी 27, आशुतोष तिवारी, आमिर खान व अमरदीप सिंह दो-दो विकेट) बनाकर प्रयाग एकादश को 20 ओवर में 117 रन (अभिषेक वर्मा 33, गौरव भार्गव 21, कार्तिकेय सरन 3/24, सैयद फैजान 2/20) पर समेट दिया।
दूसरे मैच में इनिंग एकादश के 18 ओवर में 132 रन (कलीम 31, नितिन व सचिन 22, शार्दूल सिंह व अजीत दो-दो विकेट) के जवाब में सिविल लाइंस स्पोर्टिंग ने 17.4 ओवर में 3 विकेट पर 133 रन (सौरभ कुमार 70, साबिर 20, नूर, नसर व कुतुब एक-एक विकेट) बना लिये। फाइनल मुकाबला रविवार को सुबह दस बजे से खेला जायेगा।

No comments