सब्जि विक्रेताओं से मार पीट को लेकर अधिवक्ताओं ने लिखा एसएसपी को पत्र
प्रयागराज। अधिवक्ता मंच की ओर से करेली के नयापुरवा में पिछले दिन हुए मुस्लिम सब्जीवालों को नाम पूछकर मारपीट करने की घटना को गंभीरता से लेते हुए इसे शहर की शांति और भाईचारे के लिए बड़ा खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज को पत्र लिखकर कठोर कार्यवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता के0के0 राय ने कहा कि सोशल मीडिया में धार्मिक उन्माद फैलाने के क्रम में ही नयापुरवा में मुस्लिम सब्जी वालों को कोरोना फैलाने का आरोप लगाते हुए पिटाई की गई। इस तरह की घटनाओं को अगर गंभीरता से नही लिया गया और प्रशासन ऐसे तत्वों से सख्ती से कार्रवाई नहीं करती तो इस तरह की घटनाएँ और बढ़ने की संभावना है जो शहर की गंगा जमुनी तहजीब के लिए बड़ा धब्बा होगा। उन्होंने करेली पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने की जगह मामले को कमजोर करने के लिए सामान्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और अब तक गिरफ्तारी न करने की कड़े शब्दों में निंदा की।
अधिवक्ता मंच की ओर से लिखे पत्र में शहर के अमन-चैन और भाई चारे को बनाये रखने के लिए मोहल्ला स्तर पर कमेटी बनाते हुए बैठकें करके आपसी विश्वास बनाये रखने की पहल करने की मांग की है। अधिवक्तागण की ओर से एसएसपी को ईमेल द्वारा पत्र भेज कर कार्रवाई कि मांग कि गई है। लाक डाउन होने के कारण
पत्र को मंच से जुड़े विभिन्न अधिवक्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस के बड़े अधिकारियों तक पहुंचाया गया। पत्र में कहा गया कि इन घटनाओं से लोगों में व्यापक आक्रोश है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार न किया गया तो आगे इस प्रकार की घटनाओं के बढ़ने की आशंका है। अधिवक्ताओं की ओर से प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। पीड़ित सगीर अहमद के मामले में धारा 153A, 298, 341, 355 ipc सहित अन्य धाराएं बढ़ाने तथा पीड़ित नौशाद के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी करने की मांग की गई। इस दौरान के०के० राय, राजवेन्द्र सिंह, मोहम्मद सईद सिद्दीकी, काशान सिद्दीकी, शमशुल इस्लाम सिद्दीकी, महा प्रसाद अधिवक्ता आदि मौजूद रहे।


No comments