Breaking News

दिल्ली से घर पहुचते ही अप्रवासी ने दरवाजे पर दम तोड़ा, घर मे कोहराम


बिभव गुप्ता 
चंदौली कंदवा थाना के बरिला गांव में दिल्ली से आए युवक के दरवाजे पर पहुंचते ही मृत्यु हो गई । युवक किसी तरह दिल्ली से चंदौली पहुंचा और यहां थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद पैदल ही गांव पहुंच गया। इस घटना से घर मे कोहराम मच गया।
गांव निवासी बंधन राम के तीन पुत्रो में सबसे बड़ा जसवंत (30) आठ माह पहले दिल्ली कमाने गया था। वह वहां एक निजी कंपनी में काम करने लगा। इस बीच देश मे लॉक डाउन लग गया और वह वहीं फंस गया। लॉक डाउन में छूट मिलने पर किसी तरह शुक्रवार को जसवंत चंदौली जिला अस्पताल पहुंचा। यहां थर्मल स्क्रीनिंग कराई। डॉक्टरों ने उसे होम क्वारन्टीन रहने की सलाह दी। इसके बाद जसवंत पैदल ही घर के लिए चल दिया। भूखे प्यासे बेहाल हाल में धूप में चलते हुए शाम को घर पहुंचा। उसको देखते ही परिवार वाले आश्चर्यचकित हो गए और आव भगत में जुट गए। जसवंत ने पानी मांगा। जैसे ही वह पानी पिया अचेत हो गया। परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाते इससे पहले ही जसवंत के प्राण पखेरू उड़ गए।लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। प्रशासन के निर्देश पर परिजनों ने जमानिया घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। जसवंत की पत्नी सुनीता, दोनों पुत्रों सत्यप्रकाश व कुंदन और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।

No comments