43 घंटे बाद बहाल हुई बिजली,दिन-रात चला काम
शहर में सोमवार रात करीब दो बजे कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के आवास से आगे बढ़ते ही बेकाबू ट्रक ने तेलिया चौराहा के पास सात पोल व दो ट्रांसफार्मर तोड़ दिए थे। विद्युत तार सड़क पर गिरने से सदर मोड़-राजापाल चौराहा रोड पर आवागमन ठप हो गया। ट्रक ने भागते समय एक पोल विकास भवन रोड पर भी तोड़ा था। हालांकि उसे ठीक कर लिया गया, लेकिन तेलिया चौराहा के पास सात पोल टूटने से अजीत नगर, सदर बाजार, तेलिया चौराहा, शिवपुरी, आजाद नगर, बेगमवार्ड आदि मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार सुबह विभागीय कर्मचारी दिनभर मरम्मत कार्य करते रहे। फिर से लाइन खींचने के लिए कई जगह पेड़ की डाल काटी गई। बुधवार को भी कर्मचारी पूरे दिन मरम्मत में लगे रहे। रात करीब नौ बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ टाउन अजीत यादव ने बताया कि पोल व तार टूटने से करीब छह लाख रुपये की संपत्ति की क्षति हुई है।
दूसरे दिन भी बाधित रहा आवागमन : शहर में तेलिया चौराहे के पास विद्युत तार व पोल टूटने के कारण बुधवार को भी सदर मोड़-राजापाल चौराहे की सड़क पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने सदर मोड़ और राजापाल चौराहे पर बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया था। बाइक सवार आते जाते रहे।
नगर पालिका ने पंप चलवाया, भेजा टैंकर : विद्युत आपूर्ति ध्वस्त होने से पानी के लिए परेशान लोगों को दूसरे दिन नगर पालिका ने कुछ राहत दी। अजीत नगर स्थित विभागीय पंप जनरेटर से चलवाकर जलापूर्ति कराई। दो टैंकर से भी पानी भेजा गया। पंप से जलापूर्ति न होने वाले मोहल्ले में टैंकर भेजा गया लेकिन लोग एक-दो बाल्टी ही पानी पा सके। जनरेटर संचालक दूसरे दिन भी मोहल्ले में डटे रहे। जनरेटर संचालकों ने पानी की टंकी भरने और घर में आधा घंटे बिजली देने के लिए 500 रुपये लिया। जनरेटर का किराया भी 100 रुपये अतिरिक्त लिया।


No comments