इविवि: चलें ऑफलाइन कक्षाएं, खुले लाइब्रेरी छात्रों ने घेरा कुलपति कार्यालय, जमकर नारेबाजी
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षा संचालन और पुस्तकालय खोलने की मांग को लेकर छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा। इससे पहले छात्रों ने बरगद के सामने लॉन में सभा की और नारेबाजी करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे।
छात्रों ने कहा पिछले वर्ष मार्च माह के तीसरे सप्ताह के बाद से विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य ऑनलाइन हो रहा है। लाइब्रेरी और छात्रावास बंद होने से पढ़ाई प्रभावित है। ऐसे में छात्र-छात्राएं अवसाद का शिकार हो रहे हैं। छात्रावास के अभाव में कई छात्रों की पढ़ाई भी छूट रही है। लाइब्रेरी बंद होने के चलते छात्रों को पुस्तक अध्ययन के लिए नहीं मिल पा रही है।
छात्रों ने अंत:वासियों से पांच गुना जुर्माना लेने वाला नोटिस वापस लेने की मांग की और छात्रवृत्ति आवेदन की तिथि बढ़ाई जाने की गुहार भी लगाई। इस दौरान विवेक सुल्तान्वी, अविनाश, वेदांत, आशीष, शुभम, नितेश विद्यार्थी, सत्यम कुशवाहा, अक्षय क्रांतिवीर, मकसूद, धर्मेश, आयुष प्रियदर्शी, शैलेश पासवान आदि मौजूद रहे।


No comments