शिक्षक पर पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप. कहा, इविवि में नियुक्ति के बाद करने लगे दहेज की मांग. आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर ने आरोपों को किया खारिज
प्रयागराज। अपने विवादित बयान से सुर्खियों में रहने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विक्रम हरिजन पर उनकी पहली पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता जब इविवि परिसर पहुंची तो पता चला कि डॉ. विक्रम शहर से बाहर हैं।
बिहार के कटिहार जनपद की रहने वाली एक महिला गुरुवार को इविवि परिसर पहुंची और बताया कि उसकी शादी वर्ष 2000 में गोरखपुर के बेलघाट निवासी डॉ. विक्रम हरिजन के साथ हुई थी। उनका एक 17 वर्षीय बेटा भी है। महिला ने आरोप लगाया कि इविवि में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति के बाद डॉ. विक्रम दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर उसे घर से भगा दिया और दूसरी शादी कर ली।
महिला ने बताया कि वह लोगों की मदद से बेटे की पढ़ाई पूरी कर रही है। वहीं, इस प्रकरण में डॉ. विक्रम ने बताया कि मामला कोर्ट में है और वह मुकदमा जीत भी चुके हैं। डॉ. विक्रम ने बताया कि जेएनयू में पढ़ाई के दौरान उनकी उस महिला से दोस्ती हुई थी। इसके बाद नजदीकियां बढ़ीं। मेरी शादी पहले हो चुकी थी, लेकिन दबाव में आकर शादी करनी पड़ी। वह मानसिक बीमार है। जबसे उसे यह पता चला कि मैं असिस्टेंट प्रोफेसर बन गया हूं, तब से वह परेशान करने के लिए ऐसा कर रही है।


No comments