Breaking News

N C R # आशुतोष ने ग्रहण किया मंडल रेल प्रबंधक, झांसी का कार्यभार


प्रातःकाल एक्सप्रेस

प्रयागराज।  भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा के अधिकारी आशुतोष ने मंडल रेल प्रबंधक, झांसी (एनसीआर) का पदभार ग्रहण किया। श्री आशुतोष ने प्रयागराज में मुख्य अभियंता (निर्माण) एवं प्रमुख मुख्य अभियंता,  रेलवे विद्युतीकरण के पदों पर कार्य किया है। श्री आशुतोष आईआईटी, कानपुर के पूर्व छात्र हैं, जहां से उन्होंने 1989 में बीटेक किया था। श्री आशुतोष ने आगरा मंडल में वरिष्ठ मंडल अभियंता, समन्वय के रूप में और पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक के रूप में काम किया है। श्री आशुतोष झाँसी मंडल से भली-भांति परिचित हैं। इन्होंने यहां 2009 से 2011 तक उप मुख्य अभियंता,ब्रिज के रूप में काम किया है। इस अवधि के दौरान उन्होंने मदरहा, भिंड, चित्रकूट आदि स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कराया। इसके अतिरिक्त, झांसी-आगरा खंड पर स्थित सिंध और चंबल के पुलों पर पेडेस्ट्रियन पाथ-वे और झांसी-कानपुर, खैरार भीमसेन खंड पर यमुना के दो पुलों पर निरीक्षण पाथ-वे का भी निर्माण उनके कार्यकाल में किया गया। श्री आशुतोष ने मुख्य अभियंता (निर्माण) के रूप में कार्य करते हुए झांसी-बीना तीसरी लाइन, ग्वालियर श्योपुर कलां आमान परिवर्तन (गेज परिवर्तन) और झांसी मानिकपुर लाइन दोहरीकरण के कार्यों के क्रियान्वयन में योगदान किया। इसके अतिरिक्त रायरू में यार्ड रीमॉडलिंग और गुड्स शेड, ग्वालियर, दतिया, सिपरी आदि में रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), चिरूला स्टेशन का नवनिर्माण और कई रोड ओवर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण का भी श्रेय उनके नाम पर है श्री आशुतोष के वरिष्ठ मंडल अभियंता, समन्वय आगरा के कार्यकाल के दौरान आगरा में पलवल-भूतेश्वर तीसरी लाइन, आगरा में स्ट्रेची पुल की रिगर्डरिंग, आगरा कैंट यार्ड रीमॉडलिंग, टूंडला फ्लाईओवर और सड़क पुलों का निर्माण किया गया। आगरा-मथुरा खंड पर पीक्यूआरएस पद्धति से रेल नवीनीकरण में नए कीर्तिमान स्थापित किए गए। उन्हें ट्रैक रखरखाव में महत्वपूर्ण सुधार और ट्रैक ज्यामिति सूचकांक (टीजीआई) में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए सदस्य इंजीनियरिंग, रेलवे बोर्ड द्वारा सराहना मिली। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक के रूप में श्री आशुतोष के कार्यकाल के दौरान, विभिन्न कार्यकारी संस्थाओ जैसे पश्चिमी डीएफसी, आरवीएनएल, पश्चिम रेलवे,निर्माण, मेट्रो रेल (एमईजीए), रेल विद्युतीकरण संस्था, राइट्स, आईआरएसडीसी द्वारा नई लाइन, दोहरीकरण, आमान परिवर्तन (गेज परिवर्तन), रेल विद्युतीकरण, मेट्रो रेल और गांधीनगर स्टेशन पुनर्विकास कार्य निष्पादित हुए। श्री आशुतोष ने उपरोक्त सभी कार्यकारी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया ताकि रेल बुनियादी ढांचे के कार्यों में अभूतपूर्व प्रगति हो सके।

श्री आशुतोष ने मुख्य अभियंता,निर्माण के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान महाकुंभ के  सफल आयोजन हेतु प्रयागराज स्टेशन परिसर में 4 विशाल यात्री शेड, एफओबी को जोड़ने के लिए स्काईवॉक, बहुमंजिला भवन और कई सड़क उपरिगामी पुलों जैसे आधारभूत संरचना विस्तार के कार्य समयबद्ध तरीके से करवाए। श्री आशुतोष को कंक्रीट स्लीपर उत्पादन और ट्रैक मशीनों के ओवरहालिंग का भी अनुभव है। श्री आशुतोष को 2017 में रेल मंत्री राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। श्री आशुतोष के मंडल रेल प्रबंधक झांसी का पद ग्रहण करने से उम्मीद है कि आधारभूत संरचना विस्तार के कार्य में तेजी आएगी।महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे प्रमोद कुमार ने आशुतोष को पदभार ग्रहण करने पर  बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

No comments