कंजासा में भी बाढ़, राहत शिविर में दो दर्जन परिवार,एसडीएम सौम्या गुरुरानी ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
प्राःकाल एक्सप्रेस
बारा,प्रयागराज । बारा. बाढ़ की चपेट में फंसा जनपद इस समय कराह रहा है। गंगापार के कछारी इलाकों के साथ-साथ यमुनापार के कई गांव यमुना नदी में आई बाढ़ की चपेट में हैं। विकास खंड जसरा में पडऩे वाले प्रभावित गांव के लोगों को स्थानीय प्राथमिक विद्यालयों में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन की तरफ से उन्हे राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती,जिला उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी भी मंगलवार को बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे और राहत सामग्री प्रदान की।
यमुना नदी के किनारे आबाद कंजासा, कैनुआ, जगदीशपुर, बीरबर, मझियारी, मानपुर, देवरिया, चिल्ला, गौहानी सहित कई गांव ऐसे हैं, जो यमुना के किनारे स्थित हैं। यमुना में आई बाढ़ और लगातार हो रही बरसात से इन गांवों के हालात बद से बद्तर हो गए हैं। आज सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन बारा की टीम के साथ ब्लाक के कर्मचारी कंजासा पहुंचे और यहां बाढ़ में फंसे दो दर्जन से अधिक परिवारों को स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट किया गया है।
बीडीओ जसरा अमित मिश्रा ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत केंद्र में भेजा गया है। उन्हे राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा भी जिन-जिन गांवों में बाढ़ की समस्या है, वहां प्रशासनिक टीम जाकर मुआयना कर रही है। बारा एसडीएम सौम्या गुरुरानी ने भी क्षेत्र के बाढग़्रस्त इलाकों का दौरा कर राहत पहुंचाने का निर्देश मातहतों को दिया है।



No comments