मौसम की बेरुखीरू क्रय केंद्रों की परिक्रमा कर रहे किसान
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रतापगढ़। मौसम में लगातार चल रहे उतार-चढ़ाव से सबसे अधिक परेशानी धान बेंचने वाले किसानों को हो रही है। तमाम किसान वाहन पर धान लादकर क्रय केंद्र पहुंच गए हैं लेकिन मौसम का रुख देखकर तौल नहीं कराई जा रही है। ऐसे किसान वाहन पर लदे धान के साथ क्रय केंद्र पर ही पांच-छह दिन से डटे हैं।
करीब सप्ताह भर से जिले में मौसम हर दिन बदलता रहा है। कभी बूंदाबादी तो कभी कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम के बदलाव से क्रय केंद्रों पर धान खरीद भी प्रभावित हो रही है। पहले से खरीद कर केंद्रों पर डंप किया गया धान राइस मिलर लेने को तैयार नहीं हैं कारण मिलरों के पास धान को बारिश से बचाने की व्यवस्था नहीं हैं। कामेवेश यही हाल क्रय केंद्रों का भी है। क्रय केंद्रो पर पहले से खरीदकर डंप किया गया धान बारिश से बचाने के लिए केंद्र प्रभारियों ने तिरपाल व पालीथीन से ठक दिया है ऐसे में अब और धान खरीदकर सुरक्षित करना आसान नहीं है। ऐसे में केंद्र प्रभारी मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। जबकि किसान लगातार वाहन पर धान की बोरियां लादकर क्रय केंद्र पहुंच रहे हैं लेकिन तौल नहीं होने से निराश हैं। अधिकतर क्रय केंद्रों पर धान लदे वाहन पांच-छह दिन से खड़े हैं और किसान उनकी रखवाली के लिए केंद्र पर ही डटे हैं। किसान हर रात इस उम्मीद पर बिता रहे हैं कि अगली सुबह सूरज निकलेगा और तौल कराई जाएगी लेकिन सुबह मौसम खराब देख उनके चेहरे पर मायूसी छा जाती है।

No comments