Breaking News

'दरिंदा बाबा' ,इलाज के नाम पर महिला के साथ करता था घिनौनी करतूत

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के गृहनगर में एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तथाकथित एक पहुंचे हुए बाबा ने पिछले 5 सालों से महिला से लगातार रेप किया और जब महिला के पति ने इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई के बाद आंख भी फोड़ दी गई। दबंग बाबा से परेशान महिला को जब स्थानीय स्तर पर कोई मदद नहीं मिली तो उसने खून से पत्र लिखकर सीएम योगी को भेजा और कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने इस मामले में संज्ञान लिया और पीड़ित महिला का मामला दर्ज कराया। वहीं चायल विधायक संजय गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों से बात कर पीड़ित महिला को इंसाफ दिलाने का निर्देश दिया तो मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।


क्या है मामला
कौशांबी के करारी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यहां के रहने वाले बाबा अजमल शाह ने इलाज के नाम पर उसकी जिंदगी नरक बना दी है। बाबा पर आरोप है कि वह पिछले 5 सालों से महिला के साथ बलात्कार कर रहा है। महिला के अनुसार बाबा की हैवानियत का जब उसके पति ने विरोध किया और थाने में शिकायत की तो बाबा व उसके आदमियों ने उसके पति की जमकर पिटाई की और एक आंख भी फोड़ दी। पुलिस ने भी महिला को इंसाफ दिलाने के बजाय समझौते का दबाव बनाया और पुलिस का संरक्षण पाकर बाबा महिला के साथ जोर जबरदस्ती करता रहा। महिला का आरोप है कि बाबा अब अपने साथियों संग उसे अपनी हवस का शिकार बनाता है और विरोध करने पर पति को जान से मार देने की धमकी देता है।
खून से लिखा खत
पीड़िता के अनुसार बाबा की प्रताड़ना से परेशान वह दोबारा पुलिस से मदद मांगने पहुंची तो पहले ही घटना की पुनरावृत्ति करते हुए पुलिस ने महिला के पति को ही थाने में बंद कर दिया । दोबारा समझौते का दबाव बनाया गया तो महिला ने किसी तरह मान-मनौव्वल कर पति को थाने से छुड़ाया और फिर पति के साथ घर छोड़कर चली गई। महिला ने अपने खून से सीएम योगी को खत लिखा और मदद मांगने के लिए एडीजी इलाहाबाद के पास पहुंची। जहां शिकायत सुनने के बाद एडीजी ने कौशांबी पुलिस को फटकार लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। एडीजी के आदेश के बाद दुराचार के आरोपी बाबा अजमल शाह के विरुद्ध आईपीसी की सुसंगत धाराओं मे केस दर्ज कर लिया गया है।
क्या कह रहे अधिकारी
एसपी कौशांबी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच सीओ मंझनपुर को सौपी है। आरोपी बाबा सालेमपुर का ग्राम प्रधान है। दोनों में आपसी विवाद की बात सामने आई है । फ़िलहाल जांच के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा और जांच के अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी।

No comments